नई दिल्ली। दिल्ली, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने आज संगठन में भारी फेरबदल के इरादे का संकेत देते हुए दिल्ली और छत्तीसगढ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बदल दिए गए हैं। अब मध्यप्रदेश के अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया की बारी है।
पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक अरविंदर सिंह लवली को जयप्रकाश अग्रवाल के स्थान पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अग्रवाल ने हाल में हुए दिल्ली विधानसभा चुनावों में पार्टी को मिली करारी हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
उधर, छत्तीसगढ़ में पूर्व मंत्री भुपेश बघेल को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी गयी है। वह चरण दास महंत का स्थान लेंगे। हाल के विधानसभा चुनाव में पार्टी को छत्तीसगढ़ से काफी उम्मीदें थी। लेकिन वहां उसे कोई सफलता नहीं मिली । चरण दास महंत को इसी साल जून में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी जब तत्कालीन अध्यक्ष नंद कुमार पटेल माओवादी हमले में मारे गये थे।
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने आज इन नई नियुक्तियों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। कांग्रेस ने बुधवार को सुभाष ए. शिरोडकर के स्थान पर पूर्व सांसद जॉन एफ फर्नाडीस को गोवा प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया था।
माना जा रहा है कि अब बारी मध्यप्रदेश की है। यहां संगठन में बड़ा फेरबदल किया जा सकता है। अध्यक्ष के अलावा भी कई मामलों में निर्णय किया जाना शेष है और फिलहाल नेता प्रतिपक्ष व विधानसभा उपाध्यक्ष के लिए भी खींचतान जारी है। हाईकमान को पता है कि यदि मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव में भी हाल विधानसभा चुनावों जैसा रहा तो उत्तरप्रदेश की तरह मध्यप्रदेश भी कांग्रेस के हाथ से हमेशा के लिए चला जाएगा।