भोपाल। राजधानी के जंबूरी मैदान में भाजपा की तीसरी सरकार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के शनिवार को शपथ समारोह को लेकर तैयारियां युद्घ स्तर पर चल रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था में जहां साढे छह हजार पुलिस कर्मी मुस्तैद होंगे, वहीं जिला भाजपा और भाजयुमो के 20 हजार कार्यकर्ता भी व्यवस्थाआें में लगाए जाएंगे।
समारोह में विशेष अतिथियों के साथ करीब ढाई लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। मंचासीन अतिविशेष अतिथियों के साथ ही विशेष आंगतुकों और प्रदेशभर से आने वाले साधु-संतों के लिए विशेष बैठक की व्यवस्था मंच के नजदीक की गई है। मंच के ठीक सामने खाली हिस्सा मीडिया के लिए आरक्षित रखा जाएगा। इसके बैरिकेट्स के पीछे से भाजपाइयों की बैठक व्यवस्था शुरू की जाएगी।
पांच हेलीपैड ...
मुख्यमंत्री के शपथ समारोह में आने वाले राष्ट्रीय पदाधिकारियों व मुख्यमंत्रियों के आगमन के मद्ेनजर पांच अस्थाई हैलीपैड बनाए जा रहे हैं। इसको लेकर तकनीकी अफसरों ने प्रस्तावित स्थानों का निरीक्षण के साथ अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं भी पूरी कर ली हैं।
कंजे टेंट हाउस का पंडाल ...
शिवराज के शपथ समारोह के लिए प्रस्तावित विशालकाय मंच और पंडाल का जिम्मा राजधानी के कंजे टेंट हाउस को सौंपा गया है। बकौल टेंट हाउस संचालक इब्राहिम ने बताते हैं कि मुख्यमंत्री के शपथ समारोह का मंच और पंडाल बनाया जा रहा है। इसमें करीब
40 गुणा 100 का करीब 4000 वर्ग फुट विशालकाय मंच बनाया जाएगा। साथ ही मंच के ऊपर छत के लिए डूम पंडाल लगेगा। इसे बनाए जाने का काम शुरू कर दिया गया है।
आकाश रेडियो का लाइट एंड साउंड ...
जिंसी इलाके का आकाश रेडियो किसी पहचान का मोहताज नहीं है। किसी भी राजनैतिक पार्टी का कोई भी कार्यक्रम हो, इनकी उपस्थिति तय मानी जाती है। मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समरोह के परिसर की लाइट और साउंड की व्यवस्था प्रशासन ने इन्हें दी है। बुधवार से ही मंच सहित परिसर के कोने-कोने में साउंड सिस्टम लगाए जाने का काम शुरू कर दिया गया है।
भोजन के लिए कैटर्स अलग-अलग...
जिलाध्यक्ष आलोक शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की व्यवस्था जिला प्रशासन का हिस्सा है। जिला भाजपा ने प्रदेशभर से आने वाले करीब दो लाख कार्यकर्ताओं के लिए दोपहर भोजन की व्यवस्था की है। सूत्र बताते हैं कि 10-10 हजार लोगों के बीच भोजन का जिम्मा एक कैटरिंग को दिया गया है। प्रत्येक कैटरिंग के पांच से 10 काउंटर होंगे, जहां खाने में पुड़ी-सब्जी, रायता, नुकटी और पुलाव दिया जाएगा।
कलाम भी आ सकते हैं...
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के शपथ समारोह के लिए भाजपा कार्यालय द्वारा पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को भी निमत्रंण भेजा गया है। सूत्र बताते हैं कि उनके आने की संभावनाएं काफी हैं। गुरुवार की शाम तक आने वाले अतिथियों की जानकारी एकत्रित हो जाएगी।