‘आप’ को दिया समर्थन वापस नहीं लेंगे: दिग्विजय सिंह

इंदौर। आम आदमी पार्टी को सरकार बनाने की शुभकामनाएं। ‘आप’ पांच साल सरकार चलाए। कांग्रेस का समर्थन जारी रहेगा। ये बात शनिवार को कांग्रेस महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने पत्रकारों से चर्चा में कही।

वे यहां एक विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में यदि पार्टी कहेगी तो चुनाव लडूंगा। प्रदेश में मिली हार को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी मात्रा में ईवीएम मशीनों में गड़बड़ी सामने आई है। इसकी जांच होनी चाहिए।

गुजरात में हुए जासूसी कांड के मामले में मोदी पर निशाना साधते हुए बोले कि मोदी की वॉशिंगटन स्थित पीआर एजेंसी सोशल मीडिया पर लोगों को भ्रमित कर रही है।

रेसीडेंसी पर समर्थकों से की मुलाकात

सुबह करीब 10 बजे सिंह का कार्यक्रम निरस्त होने की सूचना मिली। हालांकि साढ़े 11 बजे आ गए। एक विवाह समारोह में शामिल होकर रेसीडेंसी पहुंचे। यहां पदाधिकारी और समर्थकों से चर्चा की।

पार्षद सुरजीतसिंह चड्ढा के मुताबिक शाम को वे वरिष्ठ नेता पं. कृपाशंकर शुक्ला के यहां शोक व्यक्त करने पहुंचे। उसके बाद विमान से मुंबई रवाना हो गए। सिंह के साथ विधायक जीतू पटवारी, अश्विन जोशी, शेख अलीम, पिंटू जोशी आदि मौजूद थे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!