भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तीसरी बार भाजपा को जनादेश मिलने पर प्रदेश वासियों का आभार व्यक्त करने के लिए समूचे प्रदेश का दौरा करेंगे। इसके लिए वे जनवरी से 15 फरवरी तक सभी जिला मुख्यालयों पर सभाएं लेंगे।
इसके अलावा उन्होंने सभी पार्टी नेताओं से कहा है कि वे भी सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में मंडल स्तर तक पहुंचकर लोगों का आभार व्यक्त करें। मुख्यमंत्री चौहान रविवार को प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक का समापन कर रहे थे। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि अब बहस करने का समय नहीं बचा है और आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने के लिए अभी से कमर कस लें।
इससे पूर्व तोमर ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान 16 दिसंबर से मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने का सिलसिला आरंभ हो रहा है जो 31 दिसंबर तक चलेगा। प्रदेष संगठन महामंत्री अरविन्द मेनन ने कहा कि मतदान केन्द्र पर पदस्थ कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची की जानकारी है और वे जो सुझाव दे रहे है उन पर अमल करने की आवश्यकता है।
बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, नवनिर्वाचित विधायक, संगठन मंत्री शामिल हुए। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में आगामी कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी गई। तोमर ने बताया कि 23 दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों पर ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ होगी। बैठक में बताया कि कार्यक्रम के तहत देश की सभी ग्राम पंचायतों को परियोजना के अंचल में लाया जायेगा, जहां से कृषि औजार का एक अंश, अंचल की मिट्टी का संग्रह किया जाएगा।