डॉ. तुक्तक भानावत। क्या आप जानते हैं मध्यप्रदेश के तीर्थ उज्जैन में जन्मी यशोदा बाई राजस्थान की पहली महिला विधायक थीं और वो पहली विधानसभा में इकलौती महिला सदस्य भी थी।
राजस्थान में आजादी के बाद गठित पहली विधानसभा का कार्यकाल सन् 1952-1957 का रहा। इस दौरान सन् 1952 में पहली बार जो चुनाव हुए उसमें राज्य की किसी भी महिला ने जीत दर्ज नहीं कराई लेकिन बाद में हुए उपचुनाव में प्रथम महिला के रूप में बांसवाडा विधानसभा की सामान्य सीट से श्रीमती यशोदा देवी खडी हुई और अपनी जीत दर्ज कराई।
यों 1952 के विधानसभा चुनाव में राजस्थान से केवल चार महिलाओं ने चुनाव लडा। इनमें फागी विधानसभा सीट से के. एल. पी. पार्टी की श्रीमती चिरंजी देवी, जयपुर शहर विधानसभा क्षेत्र ए से समाजवादी पार्टी की श्रीमती वीरेन्द्रा बाई, उदयपुर शहर निर्वाचन क्षेत्र से श्रीमती शांता देवी (निर्दलीय) तथा सोजत मेन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से जनसंघ की श्रीमती रानीदेवी ने चुनाव लडा। यह दुर्भाग्य ही रहा कि ये चारों महिलाएं 1952 के प्रथम आम चुनाव में पराजित घोषित की गई।
यशोदा देवी प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के टिकट पर खडी हुई थी। इन्हें राज्य की प्रथम विधानसभा की प्रथम महिला बनने का गौरव प्राप्त हुआ। इसी विधानसभा में जो दूसरी महिला पहुंची वह श्रीमती कमला बेनीवाल थीं। श्रीमती यशोदा 1953 में पहुंची वहीं श्रीमती कमला 1954 के उप चुनाव में जीतकर विधायक बनी।
श्रीमती यशोदा देवी का जन्म मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा में सन् 1927 में हुआ। उप चुनाव में यशोदा देवी को 14 हजार 862 मत मिले। इनके प्रतिद्वंद्वी इंडियन नेशनल कांग्रेस के नटवरलाल को मात्र 8 हजार 451 मत प्राप्त हुए। इस तरह यशोदा देवी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नटवरलाल को 6 हजार 411 मतों से पराजित किया।
उल्लेखनीय है कि 1953 का यह उप चुनाव एसएसपी पार्टी के भेलजी का चुनाव अवैध घोषित होने के कारण करवाया गया। इसमें यशोदा देवी ने 63.75 फीसदी मत अपने पक्ष में लिए जबकि कांग्रेस के नटवरलाल को मात्र 36.25 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए।
मध्यप्रदेश के झाबुआ जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि यशोदा देवी की शिक्षा वनस्थली विद्यापीठ तथा भील आश्रम बामनिया में हुई। विधायक बनने के बाद उन्हें 1956 में सभापति तालिका सदस्य भी बनाया गया। वे विशेषाधिकार समिति की सदस्य भी रहीं। महिला जागृति के लिए वे सदैव प्रयत्नशील रहीं।
अप्रेल 2003 में तत्कालीन उपराष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत ने उन्हें आदर्श नारी के अलंकरण से विभूषित किया। यशोदा देवी आजीवन शराबबन्दी, लगानबन्दी एवं महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य करती रहीं। उन्होंने मामा बालेश्वर दयाल के साथ मिलकर रियासत तोडो आंदोलन में नामचीन भूमिका निभाई। वे अखिल हिन्दू वनवासी महिला पंचायत की सभापति व महासचिव भी रहीं। अन्य अनेक महिला संगठनों से भी वे जुडी रहीं। उनका 3 जनवरी 2004 को निधन हो गया।