भोपाल। राजधानी के तीन रूटों पर 16 अतिरिक्त नई बसें अगले सप्ताह से दौड़ाने की तैयारी है। इस तरह बसों की संख्या 39 से बढ़कर 55 हो जाएगी। इससे यात्रियों को बस स्टॉप पर बसों के लिए ज्यादा देर इंतजार नहीं करना होगा।
इन बसों के चलने से लालघाटी से बैरागढ़ चीचली, गांधी नगर से ईश्वर नगर और सीहोर नाका से मिसरोद आने जाने वाले यात्रियों को सर्वाधिक फायदा होगा। जानकारी के अनुसार तीन रूटों एएसआर-1, एसआर-3 और टीआर-4 पर 27 सितंबर से 39 बसों का संचालन हुआ था। लेकिन बसों की संख्या कम होने से यात्रियों को बस पकड़ने के लिए आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ता था।
इन रूटों पर नई 16 बसें आने से इनकी फ्रिक्वेंसी बढ़ जाएगी, जिससे यात्रियों को बस के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। बस का संचालन करने वाली कैपिटल रोड वेज एंड फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि हैंडओवर संबंधी औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएंगी।
शुरू से ही मिल रही थीं शिकायतें
बसों का संचालन होने के बाद से देर से बस मिलने की शिकायतें मिल रही थीं। मिक्स लेन में ट्रैफिक जाम में फंसने से बसें तय किए गए 6 से 10 मिनट के बीच नहीं चल पा रही थीं। नई अतिरिक्त बसों के आने से इस समस्या से छुटकारा मिलेगा।
12 रूटों पर चलाई जानी हैं 225 बसें
बीसीएलएल को जेएनएनयूआरएम के तहत शहर में 12 रूटों पर 225 लो-फ्लोर बसों का संचालन करना है। इसमें बीसीएलएल अभी शहर में 11 रूटों पर 189 लो-फ्लोर बसें चला रहा है। शेष बसों का संचालन अगले माह शुरू कर दिया जाएगा।