शिवराज का मंत्रियों को आदेश: पुराना स्टाफ तुरंत बदल डालो

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नवनियुक्त मंत्रियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने पुराने स्टाफ को बदलें।

शनिवार को मंत्रियों की शपथ के बाद राज्य मंत्रालय में कैबिनेट की अनौपचारिक बैठक बुलाकर मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि मंत्रियों के स्टाफ की गड़बड़ियों से सरकार की बहुत बदनामी हुई है। इसलिए इन्हें बदला जाए। बैठक में मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख रखते हुए मंत्रियों से कहा कि यह वक्त जश्न मनाने का नहीं है, बल्कि काम करने का है।

उन्होंने कहा कि मैं अपने आप को मप्र की जनता के कल्याण और प्रदेश के विकास के लिए समर्पित करता हूं। कैबिनेट के सभी सदस्य मंत्री भी स्वयं को प्रदेश के विकास के लिए समर्पित करें। अपने जीवन का एक-एक दिन प्रदेश के हित में उपयोग करें। शाम पौने पांच बजे शुरू हुई कैबिनेट की बैठक करीब 35 मिनट तक चली और 6.25 बजे बैठक खत्म हुई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री अपनेअ पने बंगलों के लिए रवाना हो गए। इससे पहले बैठक की शुरूआत में मुख्य सचिव अंटोनी डिसा ने मुख्यमंत्री चौहान सहित सभी नवनियुक्त मंत्रियों का स्वागत किया। कैबिनेट में सभी मंत्री मौजूद थे।

मंत्रियों को थमाएं नियम-कानून

कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी मंत्रियों को नियम- कानूनों की किताबें बांटी गइं। इनमें एक किताब कार्य आवंटन नियमों की थी और दूसरी रूल्स आफ बिजनेस थी। इन दोनों किताबों में 30 नवंबर 2013 तक जारी आदेश-निर्देशों का संकलन किया गया है। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से अपेक्षा की कि वे इन किताबों का अध्ययन करेंगे और इनके मुताबिक काम करेंगे।

सीएम सहित कैबिनेट आज रातापानी में

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नवनियुक्त मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा करने से पहले कैबिनेट के सभी सदस्यों के साथ रविवार का दिन रातापानी के जंगल में गुजारेंगे। मुख्यमंत्री निवास से सुबह साढ़े 9 बजे सभी चौहान सहित मंत्री एक में बैठकर रातापानी के लिए रवाना होंगे। रातापानी जंगल के बर्रूसोद में एक चट्टान की छांव में मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों के साथ बातचीत करेंगे। माना जा रहा है कि विभागों के बंटवारे से पहले मुख्यमंत्री यहां एक-एक मंत्री से चर्चा करेंगे। कैबिनेट सदस्यों के इस ट्रिप को स्पिरिट कॉप कहा जा रहा है। माना जा रहा है कि यहां मुख्यमंत्री मंत्रियों का अघोषित टेस्ट लेंगे और उन्हें टीम भावना के साथ काम करने के लिए प्रेरित करेंगे। मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री दोपहर इसी स्थान पर करेंगे और दोपहर तीन बजे भोपाल वापस लौटेंगे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!