भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 9 और 11वीं की परीक्षाएं 20 फरवरी से तथा दसवीं एवं 12वीं की परीक्षाएं एक मार्च से होंगी। उन्होंने बताया कि मंडल ने 30 अप्रैल तक सभी परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने की कार्य-योजना बनाई है।
गुरुवार को स्कूल शिक्षा मंत्री पारस जैन द्वारा कार्यभार ग्रहण करने के बाद विभाग के अधिकारियों ने उन्हें यह जानकारी दी। जैन ने पदभार संभालने के बाद कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों के भवनों को अतिक्रमण मुक्त करवाने के साथ ही शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण बनाने के प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा संजय सिंह, आयुक्त लोक शिक्षण एसके पाल सहित राज्य शिक्षा केन्द्र, माध्यमिक शिक्षा मंडल सहित सभी संबद्ध संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित थे। शिक्षा मंत्री ने प्रदेश में प्रतिवर्ष विवेकानंद जयंती पर होने वाले सामूहिक सूर्य नमस्कार की व्यापक तैयारियां प्रारंभ करने के लिये कहा। इस दौरान शिक्षा विभाग की गतिविधियों पर गंभीर और व्यापक चर्चा की गई। जैन ने निर्देश दिये कि विभाग का पूरा अमला दृष्टि-पत्र के बिन्दुओं के अनुरूप कार्य प्रारंभ करे। उन्होंने उत्कृष्ट और मॉडल विद्यालयों की गतिविधियों पर चर्चा की। राज्य शिक्षा सेवा के अमल के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की गई। बैठक में सर्वशिक्षा और माध्यमिक शिक्षा अभियान पर भी चर्चा हुई।