शॉपिंग के लिए दो अच्छे दिन, आज और कल

भोपाल. धनतेरस व दीपावली से पहले जमीन, मकान, वाहन, ज्वेलरी आदि की खरीदी लिए शनिवार 26 अक्टूबर और रविवार 27 अक्टूबर का दिन खास है। पंडितों का कहना है कि शनिवार से शुरू हो रहा पुष्य नक्षत्र रविवार तक रहेगा। रविवार को सूर्योदय से शाम साढ़े पांच बजे तक सर्वार्थ सिद्धि योग भी इस दिन की शुभता में वृद्धि करने वाला योग है। इस दौरान बाजार में कोई साप्ताहिक छुट्टी नहीं रहेगी।

पं. धर्मेंद्र शास्त्री के अनुसार शनि वर्तमान में तुला राशि में है, जो पुष्य नक्षत्र का स्वामी है। शनिवार को अहोई अष्टमी, त्रिपुष्कर योग, रवि योग, सिद्ध योग, सर्वार्थ सिद्धि योग व श्रीवत्स योग के साथ ही छत्र योग का संयोग भी रहेगा। ऐसा महासंयोग इसके पहले 6 व 7 नवंबर 1982 को बना था।

पं. रामजीवन दुबे ने बताया कि भगवान राम का जन्म नक्षत्र भी पुष्य है। इसे 27 नक्षत्रों में श्रेष्ठ माना जाता है। भगवान राम सूर्य वंश के हैं। रविवार के स्वामी व अधिपति स्वयं सूर्य हैं और शनि सूर्य के पुत्र हैं। ऐसे में शनि व रवि पुष्य नक्षत्र का महत्व इसी दिन सर्वार्थ सिद्धि योग होने से और बढ़ गया है, जो खरीदी करने के अलावा गृह प्रवेश, नवीन व्यापार को शुरू करने आदि के लिए भी उत्तम है।

पं. दुबे का कहना है कि पुष्य योग में जमीन, मकान, वाहन, सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदना समृद्धिदायक है।

पुष्य नक्षत्र का समय
पुष्य नक्षत्र शनिवार को दोपहर 2.58 बजे प्रारंभ होगा, जो रविवार को शाम 5.30 बजे तक रहेगा। जबकि चौघड़िया के अनुसार शनिवार को शाम 5.30 बजे से 7.27 बजे तक और रविवार को सुबह 9.20 से 11.10 बजे तक, दोपहर 1.36 से 3 बजे तक और शाम 5.51 से 7.21 बजे तक खरीद-फरोख्त करने का समय सबसे उत्तम रहेगा।

इस दौरान क्रमश: लाभ, अमृत व शुभ काल रहेगा। पं. दुबे ने बताया कि जो लोग स्थिर लग्न में खरीदी करेंगे, उनके लिए यह अधिक लाभदायक रहेगा। शनिवार दोपहर 3.00 से 3.40 बजे तक स्थिर लग्न कुंभ व शाम 6.49 से रात 8.47 बजे तक स्थिर लग्न वृषभ रहेगा। इसी तरह रविवार सुबह 8.00 बजे से 10.15 बजे तक स्थिर लग्न वृश्चिक और दोपहर 2.01 से 3.40 बजे तक स्थिर लग्न कुंभ रहेगा।

दिवाली तक खुले रहेंगे बाजार
पुराना शहर, टीटी नगर, संत हिरदाराम नगर, भेल आदि क्षेत्रों के बाजार दिवाली तक रोजाना खुले रहेंगे। सराफा एसो. चौक बाजार के सचिव नरेश अग्रवाल और न्यू मार्केट व्यापारी संघ के अध्यक्ष नानकराम दुआ ने इसकी पुष्टि की है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !