भोपाल। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर टिकट वितरण की प्रक्रिया पर गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर लंबी मंत्रणा हुई। इस दौरान चुनावी तैयारियों और मंत्रियों के टिकट काटे जाने और उनकी सीट बदलने पर विचार विमर्श हुआ है।
राष्ट्रीय महासचिव अनंत कुमार की मौजूदगी में वरिष्ठ नेता सुंदरलाल पटवा, सांसद कैलाश जोशी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन, मौजूद थे। विभिन्न दौर की बैठकों के बाद तैयार की गई सूची में आज एक-एक नाम को लेकर फिर कांट-छांट हुई है। इधर, शुक्रवार को प्रस्तावित प्रदेश चुनाव समिति की बैठक अब 28 अक्टूबर को होगी। समिति की बैठक में इस सूची को अनुमोदित कर 30 अक्टूबर को प्रस्तावित केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में रखा जाएगा।