राकेश दुबे@प्रतिदिन। और रशीद मसूद को चार साल की सजा हो गई और उनका कैरियर भी समाप्त हो गया| आज रात मनमोहन सिंह भी लौट आयेंगे| कल सुबह कांग्रेस कोर ग्रुप की बैठक है और शाम को मंत्रिमंडल की बैठक|
राहुल बाबा की आपत्ति वाले पत्र पर दोनों जगह चर्चा होगी | वैसे यह सवाल अब कांग्रेस का रहा भी नहीं है | देश की जन भावना और देश की न्याय व्यवस्था की साख का है | इन बैठकों के नतीजे यह तय करेंगे की विश्व में भारत की साख क्या है ?
लालू प्रसाद की सज़ा अवधि का फैसला महात्मा गाँधी और लालबहादुर शास्त्री के जन्मदिन के अवकाश के कारण तीन अक्तूबर को सुनाया जायेगा | आज हुई बहस का कोई आशाजनक परिणाम नहीं दिखाई देता है | भारत में और विशेषकर राजनीति में हो रहे भ्रष्टाचार के ये दो साक्षात् उदाहरण है और कई मामले लम्बित है | लम्बित मामलों में कई राजनीतिग्य और नौकरशाह फंसे हैं |
इन दोनों मामलों को ही लें, सालों से लम्बित थे और नीचे से उपर तक कई अदालतों के चक्कर के बाद बमुश्किल फैसले तक पहुंचे और सज़ा हुई | सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को बदलनेवाला अध्यादेश फजीहत में है | 3 अक्तूबर को सज़ा के बाद लालू प्रसाद की राजनीतिक पारी की समाप्ति तय है | माननीय न्यायधीशों को भी ऐसे मामलों को फौरन सुनकर निर्णय देना चाहिए,इससे भारतीय न्याय प्रणाली की साख दुनिया में बनेगी |
अब सवाल और जवाब दोनों ही कांग्रेस के पाले में हैं | कांग्रेस को तय करना है कि उसे भ्रष्टाचारियों का साथ देना है या जन भावना का | कल के निर्णय २०१४ पर जाकर खत्म नहीं होगें | देश की साख के निर्माण की चुनौती है | कांग्रेस के लिए एक निर्णायक मोड़ भी है अगर कांग्रेस चूकी तो बहुत पीछे हो जाएगी | यह निर्णय ही आम चुनाव में उसकी पक्ष या प्रतिपक्ष की भूमिका भी तय करेगा |
