भोपाल। दो महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने 130 सीटों पर पैनल तैयार कर लिए हैं। इनमें भोपाल से जितेंद्र डागा, ध्रुवनारायण सिंह और ब्रम्हाकर रत्नाकर के नाम शामिल नहीं किए गए हैं। वहीं, बाबूलाल गौर, उमा शंकर गुप्ता और विश्वास सारंग का उम्मीदवार बनना लगभग तय हो गया है।
पहले दौर के पैनल में 47 विधायकों के नाम शामिल नहीं किए गए है। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने मुख्यमंत्री निवास में शनिवार तड़के सुबह तीन बजे तक चली मैराथन बैठक में भाजपा के उम्मीदवारों के पैनल को हरी झंडी दे दी है। सूत्रों के अनुसार, रामलाल ने कैबिनेट के 32 मंत्रियों सहित जीतने की संभावना वाले 130 विधायकों के नाम को हरी झंडी दी है। इनमें छह बार से दो बार तक चुने गए विधायक शामिल है। इसमें से 80 सीटों पर सिंगल नाम है।
साथ ले गए रिपोर्ट
सूत्रों ने बताया कि रामलाल ने 130 संभावित उम्मीदवारों का नाम की सूची अपने साथ दिल्ली ले गए हैं। हालांकि इस पैनलों के पहले प्रदेश चुनाव समिति के समक्ष रखा जाएगा। यहां से हरी झंडी मिलने के बाद केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। कृषि मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया के लिए जीतने योग्य सीट नहीं मिल पा रही है। इस बार पथरिया में कुसमरिया का जबरदस्त विरोध हो रहा है। कुसमरिया ने राजनगर से लड़ने की इच्छा जताई है।