भोपाल। आरएसएस पर जुबानी बम पटकने वाले दिग्विजय सिंह पर आज आरएसएस के कथित स्वयं सेवकों ने हमला कर लिया। घटनाक्रम के समय वो कुक्षी में थे। दिग्विजय सिंह ने इस हमले की पुष्टि करते हुए ट्विट किया है कि यदि उन्हें लगता है कि वो मुझसे लड़ सकते हैं तो यह उनकी गलतफहमी है।
नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने कुक्षी नगर में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर भाजपाई गुंडे और आरएसएस के लोगों द्वारा किया गया जानलेवा हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि कांग्रेस को मिल रहे व्यापक जनसमर्थन और हार के अंदेशे से भौखलाई भाजपा गुंडागर्दी पर उतर आई है। जिसका जवाब कांग्रेस जनता लोकतांत्रिक तरीके से देंगी।
श्री सिंह ने कहा कि झाबुआ और अलीराजपुर में दो दिन के दौरे में मिले व्यापक जनसमर्थन से भाजपाई बौखला गए है और कुक्षी में आज उन्होंने गुंडागर्दी करके अपना असली चाल, चरित्र और चेहरा दिखा दिया है। श्री सिंह ने बताया कि आज जब कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह और वे स्वयं कांग्रेस नेताओं के साथ कुक्षी नगर से निकल रहे थे तभी भाजपा कार्यालय के सामने भाजपा और आरएसएस के इकट्ठे गुंडे कांग्रेस के काफिले पर टूट पड़े।
उनके हाथों में लाठिया थी और वे पथराव कर रहे थे, जिससे गाडि़यों के कांच भी टूट गए। श्री सिंह ने कहा कि इन लोगों का उद्देश्य कांग्रेस नेताओं पर हमला करना था। जिसमें वे सफल नहीं हो पाए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन को पूरी मामले की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने पूर्व में कोई कार्यवाही नहीं की और घटना के समय वे मूक दर्शक बने रहे। घटना घटित होने के बाद पुलिस ने खानापूर्ति की कार्यवाही की।
नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने कहा कि भाजपा को यह अहसास हो चला है कि अब सत्ता उनके हाथ से जाने वाली है। यह हमला उसी खिसियाई बिल्ली का घिनौना कृत्य है, जिसका इस प्रदेश की जनता और कांग्रेसजन पूरे लोकतांत्रिक तरीके से कड़ा जवाब देंगी। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री को चेतावनी दी कि वे भाजपाई गुंडों पर नकेल लगाए, नहीं तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।