विदिशा। मध्यप्रदेश शासकीय अध्यापक संगठन एक बार फिर पदोन्नति को लेकर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दे रहा है। संघ के जिला अध्यक्ष सईद खान ने बताया कि बताया कि विदिशा जिले में सहायक अध्यापक से अध्यापक पद पर 370 लोगों की पदोन्नति की जाना है।
इस संबंध में समस्त संकुल प्राचार्यों के माध्यम से पात्र लोगों की गोपनीय चरित्रावली भी काफी समय पहले डीईओ में जमा हो चुकी है। इस लेटलतीफी के लिए संगठन शिक्षा विभाग को जिम्मेदार ठहरा रहा है।
संगठन के जिला अध्यक्ष ने बताया कि जिले में वर्ष 1998 से कार्यरत पात्र सहायक अध्यापक 15 वर्षों से पदोन्नति की बाट जोह रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों और बाबुओं की कारगुजारी के चलते पदोन्नति का मामला लंबे समय से अटका हुआ है, जबकि विभाग चाहे तो काउंसिलिंग कराकर 5 दिन में ही पदोन्नति की कार्रवाई को पूर्ण कर सकता है।
इस स्थिति में 30 अगस्त से अध्यापक संवर्ग अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जा रहा हैं। यह हड़ताल तब तक जारी रहने की चेतावनी दी जा रही है जब तक कि पदोन्नति की कार्रवाई नहीं की जाएगी। संगठन ने 5 सितंबर से पहले काउंसिलिंग कराने की मांग की है। हड़ताल के तहत डीईओ कार्यालय के सामने ही धरना प्रदर्शन किया जाएगा।