भोपाल। मारपीट मामले में पिपरिया जेल में बंद महाराष्ट्र के रोगायो मंत्री डॉ.नितीन राउत के पुत्र कुणाल राउत पूरे घटनाक्रम को लेकर पछतावा व्यक्त कर रहे हैं। उनसे मिलने गए कुछ राजनीतिक कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा है कि नागपुर के अखबारों में छपे समाचारों से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। फिलहाल बचाव पक्ष के वकील ने पिपरिया के सत्र न्यायालय में कुणाल समेत 5 आरोपियों की जमानत की अर्जी लगायी है।
शनिवार को अर्जी पर सुनवाई होगी। दावा किया जा रहा है कि उन्हें जमानत मिल जाएगी। पिपरिया से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल कुणाल की प्रत्यक्ष मदद के लिए नागपुर से कोई भी बड़ा राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं पहुंचा है। पिपरिया में कुणाल के एक मित्र के रिश्तेदार रहते हैं। उनकी मदद से ही जमानत पाने का प्रयास किया जा रहा है।
पिपरिया पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से प्लास्टिक का पिस्टल व शराब बरामद की गयी है। पुलिस यह भी जानने में जुटी है कि आरोपियों के साथ कितने लोग थे। कुछ युवक पहले ही छूट गए हैं। नाके तक पहुंचने के पहले ही कुणाल व उसके साथियों के किस्से ग्रामीणों से सुने जा रहे हैं।
गुरुवार को सभी आरोपियों की जमानत की अर्जी पिपरिया के प्रथम श्रेणी न्यायदंडाधिकारी के समक्ष पेश की गई थी। अर्जी नामंजूर होने के बाद शुक्रवार को सत्र न्यायालय में बचाव पक्ष के वकील ने अर्जी दी है। उस पर शनिवार को सुनवाई होनेवाली है।