भोपाल। बारह साल से यशोदा (35 वर्ष) मां बनने की इच्छा मन में लिए हुए थीं। देर से सही, लेकिन ईश्वर ने उनकी सुन ली। शनिवार सुबह उन्होंने कोटरा के निजी अस्पताल में चार बच्चियों को जन्म दिया।
उक्त गर्भवती महिला का आपरेशन डॉ. प्रवीणा अग्रवाल ने किया। महिला नरसिंहगढ़ की रहने वाली है। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि महिला को अचानक दर्द होने पर शनिवार सुबह भर्ती किया गया। 45 मिनट चले आपरेशन में महिला ने चार बच्चियों को जन्म दिया। उन्होंने बताया कि महिला ने वक्त से पहले बच्चियों को जन्म दिया है। महिला व बच्चियां स्वास्थ्य हैं। महिला पिछले आठ महीने से डॉ. अग्रवाल के संपर्क में थीं। यशोदा ने बताया कि मुझे पहले पता चल गया था कि मैं चार बच्चों को जन्म देने वाली हूं।
इसलिए मुझे स्पेशल ट्रीटमेंट दिया गया। महिला आपरेशन के लिए डॉ.अग्रवाल को आभार व्यक्त किया। डॉ. प्रवीणा अग्रवाल ने बताया कि महिला लम्बे समय से मां बनना चाहती थी, इसलिए इनफर्टिलिटी ट्रीटमेंट के दौरान महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया है। उन्होंने बताया कि नवजात शिशुओं का वजन (1.3-1.8 किलो) थोड़ा कम है, उन्हें इन्युवेटर में रखा जाना है, इसलिए बच्चों को जेपी अस्पताल रिफर कर दिया गया है। जेपी अस्पताल के एसएनसीयू प्रभारी डॉ. प्रभाकर ने बताया बच्चियों का वजन है, उन्हें इन्क्यूवेटर में रखा गया है। करीब 48 घंटे बाद बच्चों का वजन सामान्य हो पाएगा।