भोपाल(उपदेश अवस्थी)। उमा भारती से बफादारी के चलते भाजपा छोड़कर उमा भारती की पार्टी भारतीय जनशक्ति पार्टी में शामिल हुए नेताओं को उमा ने साफ संदेश दे दिया है कि भाजपा में अपनी जगह स्वयं बनाओ।
भाजश की संस्थापक उमाभारती छतरपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहीं थीं। उन्होंने नक्सलवाद और मोदी के संदर्भ में पूछे गए सवालों के जवाब दिए। इसके अलावा जब उनसे पूछा गया कि वो तो भाजपा में स्थापित हो गईं हैं परंतु उनके साथ भाजपा में वापस आए भाजश कार्यकर्ताओं का क्या होगा तो उमाश्री के मुख से तपाक से निकल गया'वो अपनी जगह खुद बनाएं' फिर बाद में उन्होंने जोड़ा कि जहां जरूरत होगी मैं बातचीत करूंगी।
सनद रहे कि भाजपा से बगावत करने के बाद मध्यप्रदेश में भाजश की स्थापना करने वाली उमा भारती के पीछे भाजपा के हजारों कार्यकर्ता हो लिए थे। उमा भारती ने भी उन दिनों आत्मविश्वास से लवरेज होते हुए सैंकड़ों दफा दोहराया था कि वो हर हाल में भाजश की सरकार बनाएंगी और यदि नहीं भी बना पाईं तो शक्ति का तीसरा केन्द्र तो बनकर दिखाएंगी, लेकिन 2008 के चुनाव परिणाम उनकी हवा निकाल गए।
इन दिनों उमा भारती वापस भाजपा में ना केवल शामिल हो चुकीं हैं, बल्कि स्थापित हो चुकीं हैं। राजनाथ सिंह की टीम में उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसा महत्वपूर्ण पद मिला है। ऐसे में उनके समर्थक उम्मीद लगाए बैठे थे कि उनके लिए भी कुछ ना कुछ मिलेगा, लेकिन उमा के दो टूक ने तो सारी उम्मीदों पर ही पानी फेर दिया।