भोपाल। उत्तर प्रदेश से लगे इलाकों में समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। पहली सूची में 25 प्रत्याशियों के नाम फाइनल करने के बाद अब अगली सूची जारी करने से पहले तीसरे मोर्चे के अन्य दलों से बातचीत चल रही है।
भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट पर प्रदेश सचिव रामस्वरूप यादव को उतारा गया है। यह जानकारी समाजवादी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष गौरीसिंह यादव ने मंगलवार को देते हुए 25 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। इससे पहले सपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक भी हुई।
इस बैठक में सपा के महासचिव अजहर अली, सचिव राकेश सिंह बघेल, रामस्वरुप यादव, ददन सिंह यादव और पवन जैन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। यादव ने बताया कि समाजवादी पार्टी कुछ राजनैतिक दलों के साथ मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि जारी हुई सूची में सिर्फ समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ही शामिल है। अगली सूची से पहले दूसरे राजनैतिक दलों से चर्चा जारी है, शीघ्र ही उनके प्रत्याशियों के नाम लेकर सूची जारी की जायेगी।
सपा में कई नेता शामिल इस मौके पर कई लोगों ने सपा की सदस्यता ली। सतना जिले के बरौंधा के महाराज राघवेन्द्र प्रताप सिंह, रामभान सिंह सिंगरौली और इंजी. सुखलाल कोल सतना ने अपने सहयोगियों के साथ सपा की सदस्यता ग्रहण की।