कर्मचारियों की मांगों पर CM की मीटिंग आज

भोपाल। राज्य शासन के कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (डीए) कब से मिलेगा? इसका फैसला मंगलवार को हो सकता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ वित्त विभाग के अफसरों की बैठक होगी। ऐसी संभावना है कि कर्मचारियों को अप्रैल 2013 से डीए दिया जा सकता है।

कर्मचारी 1 जनवरी से बढ़ा हुआ भत्ता मांग रहे हैं और छत्तीसगढ़ सरकार ने ऐसा किया भी है। बैठक में कर्मचारियों को समयमान वेतनमान और ग्रेड पे को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने 17 अप्रैल को कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर 51 सूत्रीय मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि मांगों को पूरा करने के लिए कोई घोषणा नहीं की जाएगी बल्कि आदेश जारी किए जाएंगे।

इन मांगों में त्रिस्तरीय समयमान वेतनमान, ग्रेड पे और केंद्रीय तिथि से महंगाई भत्ता (डीए) की मांगें भी शामिल थीं।  इसी बीच केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को आठ फीसदी डीए देने की घोषणा कर दी। राज्य के कर्मचारियों ने भी केंद्र की तरह जनवरी से आठ फीसदी डीए देने की मांग की है, लेकिन सरकार अप्रैल से डीए देने की तैयारी में है।


छग सरकार ने दिया 4300 ग्रेड पे

छत्तीसगढ़ सरकार ने 5000-7000 और 5500- 9000 वेतनमान वाले कर्मचारियों को 4300 रुपए ग्रेड पे देने की घोषणा पहले ही कर दी थी। इसके अलावा ज्यादातर राज्य सरकारें भी अपने कर्मचारियों को 4200 रु. ही ग्रेड पे दे रही हैं।

सभी कर्मचारियों को नहीं मिलेगा त्रिस्तरीय समयमान वेतनमान

मंत्रालय सूत्रों ने बताया कि त्रिस्तरीय समयमान वेतनमान का फायदा सभी कर्मचारियों को नहीं मिलेगा। तीस साल की सेवा पूरी करने वाले वे कर्मचारी जिनका एक भी प्रमोशन नहीं हुआ है अथवा जिन्हें एक या दो प्रमोशन मिलें हैं उन्हें इसका सीधा फायदा मिलेगा, जबकि जो कर्मचारी 30 साल की सेवा पूरी करने के पहले रिटायर हो रहे हैं, उन्हें भी इसका लाभ नहीं मिल पाएगा।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!