भोपाल। मध्यप्रदेश के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए फिर से हड़ताल पर जाने का एलान कर दिया है। कर्मचारियों ने सीएम की घोषणा पर अमल के लिए 20 मई तक का समय दिया है।
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के विदिशा जिलाध्यक्ष ने बताया कि यह अल्टीमेटम मध्यप्रदेश शासन के सभी संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है। इसमें स्पष्ट रूप से बताया गया है कि 15 फरवरी को की गई अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की थी कि संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की समस्याएं 15 अप्रैल तक समाप्त कर दी जाएंगी एवं संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की वेतनवृद्धि तय करने के साथ साथ उन्हें नियमित करने की नीति भी घोषित कर दी जाएगी।
बावजूद इसके 15 मई तक भी शासन स्तर पर इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सरकार की इस घोखाधड़ी के विरोध में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने 20 मई से हड़ताल का ऐलान कर दिया है। देखना रोचक होगा कि प्रदेश भर की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को चरमरा देने वाली इस हड़ताल को रोकने के लिए क्या शासन मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर अमल करता है या नहीं।