रायसेन। सांची में नगर परिषद अध्यक्ष का चुनाव बड़े ही कशमकश माहौल में संपन्न हुए। इसमें कांग्रेस नेता पप्पू रेवाराम अहिरवार की पत्नी सुशीला अहिरवार की 82 वोटों से विजय हासिल हुई। यहां दो बार मतगणना हुई लेकिन फिर भी भाजपा प्रत्याशी अंजूलता मेहरा की किस्मत ने साथ नहीं दिया।
कलेक्टर जेके जैन ने बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी सुशीला अहिरवार को 2264 मत और भाजपा प्रत्याशी अंजूलता मेहरा को 2182 मत प्राप्त हुए। वहीं चुरहट नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी पूर्णिमा पटेल ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत पर नेताप्रतिपक्ष अजय सिंह ने जनता के प्रति आभार प्रकट करते हुये कहा है कि यह विजय कांग्रेस पार्टी के प्रति जनता के विश्वास का द्योतक है।
भीड़ को तितर बितर करने पुलिस ने भांजी लाठियां
सांची नगर परिषद अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा समर्थित कई नेता और कार्यकर्ता मतगणना स्थल से मतगणना कक्ष में घुसने लगे तो पुलिस ने भाजपाइयों पर लाठियां भांजी , जिसमें कई भाजपाइयों को चोटे भी आई है।