भोपाल। मॉनसून के समय पर आने की उम्मीद और बढ़ गई है। केरल के कई इलाकों में प्री-मॉनसून बारिश शुरू हो गई है। पिछले 2 दिनों से त्रिवेंद्रम, कोचीन और अलेप्पी में अच्छी बारिश हो रही है।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून को आगे बढ़ने के लिए स्थिति पूरी तरह से अनुकुल है और 3 जून तक केरल तट पर मॉनसून दस्तक दे देगा। इसके बाद 5 जून को मॉनसून कर्नाटक तक पहुंच जाएगा।
मुंबई में 10 जून तक मॉनसून दस्तक दे देगा। साथ ही 15 जून तक मध्यप्रदेश और 1 जुलाई तक मॉनसून के दिल्ली तक पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने इस साल देश में अच्छी बारिश होने की उम्मीद जताई है।
हालांकि मॉनसून पर अनुमान जारी करने वाली निजी क्षेत्र की कंपनी स्काईमेट का दावा है कि 1 जून या इससे पहले भी केरल तट पर मॉनसून आ सकता है।
स्काईमेट के मुख्य मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत का कहना है कि मॉनसून के 1 जून तक केरल में आने की उम्मीद है। वहीं मुंबई में 9-10 जून तक मॉनसून के आने की उम्मीद है।