रायसेन। शहर की शांति प्रिय फिजा में चोरो के आंतक ने दहशत घोल दी और इसी दहशत के चलते लोगों की रात असुरक्षा के बीच गुजर रही है। शहर में पिछले एक सप्ताह से चोरी और चोरी के प्रयासों की वारदतों के चलते लोग दशहत में रात काटने को मजबूर है।
शहर की विकसित कालोनियों में चोरों के आंतक के चलते लोग अपनी मेहनत की कमाई को गंवा रहे है और जिससे लोगों का पुलिस से विश्वास उठ रहा है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात्रि करीब तीन बजे एक दर्जन से अधिक लुटेरों ने शहर की विकसित कालोनी अर्जुन नगर में चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए निशाना बनाया।
अर्जुन नगर में स्थित डी एल बरखने के मकान में किराए से रहने वाले स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारी मोहनलाल पटेल के घर में दीवार से करीब एक दर्जन चोर अंदर प्रवेश कर गए और 30 हजार रूपए नगद एवं करीब ढाई लाख रूपए के जेवरात सहित अन्य सामान पर हाथ साफ कर भाग गए।
जब घर में चोरों के घुसे होने का पता चला और आस-पास के लोग पहुंचे तो एक दर्जन से अधिक चोरों ने गुलेल से पत्थर बरसाते हुए भागने में कामयाब हो गए। गुलेल बाजी के चलते अर्जुन नगर निवासी बी पी शर्मा एवं उनके पुत्र पंकज शर्मा घायल हो गए।
वहीं दूसरी ओर शनिवार रात लगभग 9.30 बजे भोपाल रोड पर ग्राम रतनपुर के पास अज्ञात लोगों ने बसों और कारों पर पत्थर बरसाकर यात्रियों को दहशत में डाल दिया। बसों की पत्थर बाजी कि इस घटना में भोपाल सागर मार्ग पर चलने वाली ओम साई राम बस सर्विस एवं महानगरीय बस सेवा की बस के कांच फूट गए। इस घटना में पत्थर लगने के कारण कुछ यात्रियों को चोंटे भी आई। पुलिस ने दोनों वारदते होने पर मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोरी का नया फर्मूला:
अर्जुन नगर किराए के मकान में रहने वाले मोहन पटेल के घर में घुसे चोरों ने बड़े ही नए फर्मूला अमनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मोहन पटेल और उनकी पत्नी विवाह कार्यक्रम में नरसिंहपुर गए हुए थे। उनके दो बच्चे जिनकी उम्र करीब 15 से 17 वर्ष है और वहा घर में दूसरे कमरे में सोते रहे। दरवाजे के ऊपर बने झरोखे से लगभग आधा दर्जन चोर अंदर घुसे। कमरे में घुसकर चोरों ने अलमारी का ताला खोला, लॉकर खोला उसे खाली किया। फिर सारे मकान में घूमकर आराम से सूटकेश, बैग आदि उठाकर इसी मकान के सामने खंडहर पड़े एक मकान में पहुंचाते रहे। जहां उनके लगभग आधा दर्जन साथी सामान की तलाशी लेते रहे।
मकान मालिक की खुली नींद
छत पर सो रहे मकान मालिक के पुत्र हितेश बरखने की की अचानक नींद खुली। उसे नीचे घर में दो लोग नजर आए और उसने इसकी सूचना पड़ोस में रहने वाले शर्मा परिवार को मोबाइल से दी। इसके बाद पड़ोस में रहने वाले बीपी शर्मा एवं उनके पुत्र पंकज शर्मा डंडे के साथ पहुंचे और उन्होंने चोरों को ललकारा तब घर में घुसे चारे चोर एक के बाद एक दीवार फांदकर भागने लगे। वहीं चोरों ने पिता पुत्र के उपर गोलियों की तरह गुलेल से पत्थर बरसाना शुरू कर दिया और सभी चोर पूरन तलाब वाले रास्ते से भाग खड़े हुए और आनन फानन में अपनी खंडहर में जूते,चप्पल एवं चोरी की लायसेंसी बंदूक छोड़ गए।
खोल गए गैस का बर्नर
भागते हुए चोरों ने रसोई घर में रखे गैस चूल्हे का बर्नर और रेग्युलेटर खोल दिया था। संभवत: जरूरत पडऩे पर इसका उपयोग आगजनी के लिए कर सकते थे। जिससे चोरी के साथ साथ घर में बड़ा हादसा घटित हो सकता था।
अन्य जिले की भाषा
बीपी शर्मा ने बताया कि हमारे पहुंचने के बाद घर से बाहर खड़े चोर ने अंदर घुसे और खंडहर में में बैठे चोरों को कुछ कहा। लेकिन क्या कहा यह समझ के परे था। क्योंकि उनके द्वारा जिस भाषा में बोला गया था वहां भाषा लोकल की नहीं थी। उनका कहना था कि भट्टों में काम करने वाली लेवर की भाषा और चोरों की भाषा मिलती जुलती सुनाई दी और चोरों का पहनावा ग्रामीणों की तरह था।
पहले भी हुई चोरी की वारदातें
इससे पहले अर्जुन नगर में ही नुपुर चक्रवर्ती, संजय श्रीवास्तव, नारायण लोधी और कमल श्रीवास्तव के यहां चोरी हो चुकी है। पटेल नगर में भी एक घर में चोरी की बारदात हुई है। सभी जगहों से पांच से 25 हजार के बीच सामान चोरी गया था।
पथराव से सहमे यात्री
भोपाल रोड पर मुख्यालय से लगभग सात किमी मदर ग्राम रतनपुर के पास दो दिन से यात्री बसों पर पथराव की घटनाएं हो रही हैं। शनिवार रात लगभग दस बजे दो यात्री बसों के साथ एक कार पर कईलोगों ने पथराव किया। जिससे वाहनों के कांच फूट गए। कई यात्रियों को चोटें आई। सागर से भोपाल जा रही सांई ट्रेवल्स की बस पर जमकर पत्थर फेंके गए। चालक ने बस लाकर सीधे कोतवाली में खड़ी की। बस के सभी यात्री बुरी तरह से घबराए हुए थे। सागर के विकास सहित कई यात्री घायल हुए थे। थाने पहुंचकर यात्रियों ने पुलिस को घटना की जानकारी देकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
शातिर बनाई योजना:
बसों पर पत्थर बरसाना और नगर में चोरी की बारदात होना, इन दोनों घटनाओं में अपराधियों की शातिराना चाल का अंदाजा लगाया जा रहा है। नगर से सात किमी दूर पहले यात्री बसों पर पत्थर बरसाकर पुलिस का ध्यान इस दिशा में लगाने और वहां गश्त पर पुलिस के जाने के बाद शहर में सुकून से चोरी करने की योजना चोरों ने बनाई हो। लोगों का कहना है कि पुलिस को इन दोनों मामलों को जोड़कर जांच पड़ताल करना चाहिए जिससे शातिर चोरों का सुराग लग सके।
नगर सुरक्षा समिति एवं पुलिस पर उठे सवाल:
नगर में तीन दिनों से लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने लोगों में असुरक्षा की भावना ला दी है। अर्जुन नगर निवासियों का कहना है कि पुलिस गश्त में लापरवाही बरत रही है और शहर की नगर सुरक्षा समिति का भी कोई अता-पता नहीं है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो चोरों के हौसले बुलंद हो जाएगे और वहा चोरी की वारदातों को अंजाम देंगे।