सीहोर। सोमवार को बहन के निधन का समाचार सुन भाई सदमें को बर्दाश्त नहीं कर सका और करीब डेढ़ घंटे बाद भाई का भी निधन हो गया। भाई बहन की अंतिम यात्रा अपने अपने घरों से निकल कर मंडी विश्राम घाट पहुंची जहां दोनों को एक साथ अंतिम विदाई दी गई।
प्राप्त जानकारी अनुसार स्थानीय गल्लामंडी निवासी बाबूलाल जी की 92 वर्षीय पत्नी धनवंती बाई को सोमवार की दोपहर में निधन हो गया। आप समाज सेवी कैलू राठौर, धम्मू राठौर, बलवीर और ओमप्रकाश राठौर की माता श्री थी। उनके निधन का समाचार जैसे ही स्थानीय गंज क्षेत्र निवासी उनके 90 वर्षीय भाई कन्हैयालाल आत्मज शंकर लाल राठौर को मिला तो उनका स्वास्थ्य भी खराब हो गया वे बहन के निधन के समाचार को सुन अवाक रह गए करीब डेढ़ घंटे बाद उन्होंने भी अपने जीवन की अंतिम सांस ली।
इधर बहन की अंतिम यात्रा की तैयारियां की जा रही उधर भाई के निधन का भी समाचार आ गया तो मंडी और गंज से अंतिम यात्रा एक समय प्रारंभ हुई और मंडी स्थित विश्राम घाट पर भाई बहन को एक ही समय पर मुखाग्नि दी गई। भाई बहन का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। यहां मौजूद लोगों की आँखे भी एक साथ अंतिम क्रिया के दृश्य को देखकर नम हो गई।
हमले से भाई को बचाने में बहन घायल
सीहोर। निकटवर्ती ग्राम थूना खुर्द में सुअर के हमले से भाई को बचाने में बहन भी घायल हो गई जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस गांव के लोग पहले भी इन सुअरों के आंतक का शिकार होते रहे है।
प्राप्त जानकारी अनुसार निकटवर्ती ग्राम थूना खुर्द निवासी हबीब खां सोमवार को एक कृषक के खेत पर फसल की कटाई के लिए गया था उनका सात वर्षीय पुत्र जाहिद खां और दस वर्षीय बहन गुलजान पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। बताया जाता है कि तभी सुअर ने जाहिद पर हमला बोल दिया जिसे देख गुलजान उसे बचाने के लिए आगे आई तो सुअर ने उस पर हमला बोलकर घायल कर दिया। आवाज सुनकर परिजन आए तो सुअर भागे। दोनों भाई बहन को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।