भोपाल। निलंबित आईएएस दंपति अरविंद और टीनू जोशी सहित 15 लोगों की करीब 23 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति राजसात करने के लिए लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को अदालत का दरवाजा खटखटाया। लोकायुक्त की ओर से अदालत पहुंचे डीएसपी एचएस संधू ने बताया कि टीनू जोशी एवं अरविंद जोशी के यहां आयकर छापे के दौरान करोड़ों रुपए की अनुपातहीन संपत्ति होने के प्रमाण मिले थे।
छापे में जोशी दंपति सहित उनके परिवार के एचएम जोशी, निर्मला जोशी, आभा जोशी, विभा जोशी, ईशान जोशी, आशमी के अलावा सहयोगी पवन गुप्ता, एसपी कोहली, हर्ष कोहली, साहिल कोहली और सीमांत आदि के पास चल संपत्ति के रूप में करीब 8 करोड़ 66 लाख 72 हजार रुपए तथा अचल संपत्ति के रूप में 13 करोड़ 93 लाख 49 हजार रुपए सहित कुल 22 करोड़ 60 लाख 31 हजार रुपए की संपत्ति पाई गई।
लोकायुक्त पुलिस की ओर से गुरुवार को न्यायाधीश अलका दुबे की अदालत में आवेदन पेश कर सभी 15 लोगों की संपत्ति राजसात करने के आदेश जारी करने की प्रार्थना की गई। लोकायुक्त ने चार बड़े बस्तों में बंधे हजारो दस्तावेज पेश किए। इस पर अदालत ने दस्तावेजों की स्कू्रटनी कर पेश करने के निर्देश दिए।