भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद नरेन्द्रसिंह तोमर, संगठन महामंत्री अरविन्द मेनन अपरान्ह दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में उपस्थित हुए। नरेन्द्रसिंह तोमर ने संगठन का समूचा वृत्त प्रस्तुत करते हुए चल रहे महाजनसंपर्क अभियान के विषय में राष्ट्रीय कार्यसमिति को अवगत कराया।
प्रदेश में ढाई लाख कार्यकर्ता इस अभियान में जुटे है जो 20 मार्च तक चलेगा और 23 हजार ग्राम पंचायतों की परिधि में 52 हजार गांवों में पहुंचकर ढ़ाई करोड़ लोगों से संवाद करेंगे। राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में मध्यप्रदेश में तीव्रगति से चल रहे महाजनसंपर्क अभियान का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम चर्चा का विषय रहा और सभी ने प्रशंसा की। प्रदेश संगठन महामंत्री अरविन्द मेनन ने भी राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में भाग लिया।
प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह तोमर और संगठन महामंत्री अरविन्द मेनन 2 और 3 मार्च को दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठकों में भाग लेंगे। प्रदेश से 500 से अधिक पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि राष्ट्रीय परिषद में भाग लेने दिल्ली पहुंचे रहे है।
महाजनसंपर्क अभियान की सतत समीक्षा
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, महाजनसंपर्क अभियान के संयोजक अजय प्रताप सिंह भोपाल प्रदेश कार्यालय में सभी जिलाध्यक्षों को संपर्क बनाए हुए है और सभी संगठनात्मक 55 जिलों में संचालित महाजनसंपर्क अभियान की प्रगति से रूबरू हो रहे है। अजयप्रताप सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय परिषद की बैठक के समापन के साथ ही अभियान में गति आयेगी। सांसद, विधायक अभियान में भाग लेंगे।