मध्यप्रदेश को युवराज नहीं शिवराज चाहिए: सिंधिया पर भाजपा का पहला चुनावी हमला

भोपाल। भूरिया भले ही कुछ भी कहें परंतु टीम शिवराज ने युवराज से मुकाबले की तैयारी कर ली है और हमले भी शुरू कर दिए हैं। पहला हमला भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा ने सिंधिया के घर ग्वालियर में जाकर किया है। उन्होंने कहा है कि मध्यप्रदेश को युवराज नहीं शिवराज चाहिए। सनद रहे कि पिछले 15 सालों में तेजी से पिछड़ते जा रहे ग्वालियर में एक बार फिर सिंधिया के लिए पॉजिटिव माहौल तैयार हो रहा है।

भाजपा के महा जनसंपर्क अभियान के समापन पर बुधवार को महानगर के मंडलों में सभाओं का शोर रहा। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा ने दुर्गादास राठौर, कोटेश्वर और लक्ष्मीबाई मंडल में आयोजित सभाओं में प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि पिछले नौ साल में भाजपा के राज में प्रदेश में जितना विकास हुआ, उतना पहले कभी नहीं हुआ। श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश में विकास के लिए कांग्रेस के युवराज की नहीं, भाजपा के शिवराज की जरूरत है।

पूर्व मंत्री ध्यानेंद्र सिंह ने ढोलीबुआ के पुल पर हेमू कालानी मंडल की सभा को संबोधित किया। उन्होंने जनता को सड़कों से लेकर बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख किया। मंडल अध्यक्ष मुरारी मित्तल की अध्यक्षता में हुई सभा को नियाज मोहम्मद, विवेक भार्गव ने भी संबोधित किया।

मयूर मार्केट पर रामकृष्ण मंडल की सभा को जयसिंह कुशवाह ने, नाका चंद्रबदनी पर सावरकर मंडल की सभा को राज चड्ढा ने, बस स्टैंड चौराहा मुरार में भगतसिंह मंडल की सभा को जीडीए के उपाध्यक्ष राकेश जादौन ने संबोधित किया। गोमती की फड़ी हेमसिंह की परेड पर हुई दीनदयाल उपाध्याय मंडल की सभा में मुख्य वक्ता जीडीए के अध्यक्ष रविंद्र सिंह राजपूत थे।

मंडलों की नुक्कड़ सभाओं में ओमप्रकाश शेखावत, हरी सिंह तोमर, महेश उमरैया, अनिल त्रिपाठी, देवेश शर्मा, प्रमिला वाजपेयी, जयप्रकाश राजौरिया, सतीश सिकरवार, राजेश्वर राव, नीरज त्यागी, मनमोहन तिवारी, धर्मेंद्र राणा, सतीश साहू, राजेश जैन, अवधेश कौरव, रमेश सेन आदि शामिल रहे।

भाजपा ग्रामीण के बेरजा मंडल में जिला अध्यक्ष भारत सिंह कुशवाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनता भाजपा के पक्ष में मतदान करने को आतुर है, आप लोगों को उसका विश्वास बनाए रखना है। सभा की अध्यक्षता नरेंद्र सिंह किरार ने की। मुख्य अतिथि श्याम सिंह सेंगर थे। गिर्द मंडल में संगठन मंत्री अशोक दांतरे, लक्ष्मण सिंह सोलंकी, अशोक पटसारिया ने सभा को संबोधित किया।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!