भोपाल। मध्यप्रदेश के महिला एवं बाल विकास विभाग में डाटा एंट्री आपरेटर से लेकर सहायक ग्रेड 3 तक के कर्मचारियों को पदोन्नति के प्रावधान किए गए हैं, परंतु पदोन्नतियां केवल डाटा एंट्री आपरेटर्स को ही मिलीं हैं। लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ के शहडोल अध्यक्ष ने सीएम से पूछा है कि शेष पदोन्नतियां कब की जाएंगी।
हम यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ के शहडोल अध्यक्ष का खुलाखत शब्दश: प्रकाशित कर रहे हैं। आप भी पढ़िए क्या है मामला।
माननीय मुख्यमंत्री महोदय
मप्र शासन भोपाल
विषयः महिला बाल विकास म0प्र0 में लंबित लिपिक वर्गीय कर्मचारियों की पदोन्नति के संबंध में।
संदर्भ:- समाधान आनलाइन पी0जी0 क्रमांक पीजी/211765/2013/99
महोदय,
संदर्भित समाधान आनलाइन पी0जी0 के संबंध में निवेदन है कि म0प्र0 राजपत्र (असाधारण) दिनांक 30 मई 2009 में म0प्र0 महिला एवं बाल विकास विभाग तृतीय श्रेणी कार्यपालिक/लिपिक वर्गीय सेवा भर्ती नियम 2009 के पेज क्रमांक410 (34) अनुक्रमांक 6 की कण्डिका 1, 2, 3, 4 डाटा एन्ट्री आपरेटर, सहायक ग्रेड-1, सहायक ग्रेड-2, सहायक ग्रेड-3 तथा अनुक्रमांक 7 पर्यवेक्षक से सहायक सांख्यिकी अधिकारी के पद पर पदोन्नति का प्रावधान किया गया है।
ज्ञात हुआ है कि इनमें से डाटा एन्ट्री आपरेटरों की पदोन्नति सहायक सांख्यिकी अधिकारी के पद पर की जा चुकी है। किन्तु सहायक ग्रेड-1, सहायक ग्रेड-2, सहायक ग्रेड-3 तथा पर्यवेक्षकों की पदोन्नति आज दिनांक तक नहीं की गई है, जबकि सहायक ग्रेड-1, सहायक ग्रेड-2, सहायक ग्रेड-3 तथा पर्यवेक्षक भी निर्धारित अर्हताए पूर्ण कर चुके थे। इसी प्रकार सहायक ग्रेड-1, सहायक ग्रेड-2 एवं सहायक ग्रेड-3 भी पदोन्नति के लाभ से वंचित है।
प्रदेश में ऐसे सहायक ग्रेड-3 हैं जिनकी सेवा 15-20 वर्ष हो गयी है किन्तु अभी तक पदोन्नति का लाभ नहीं दिया गया है। जिला कार्यालयों/परियोजना कार्यालयों में सहायक सांख्यिकी अधिकारी, सहायक ग्रेड-1, सहायक ग्रेड-2 के अत्यधिक पद रिक्त होने से एक ओर कार्य का बोझ बढा है तो दूसरी ओर लम्बे समय से एक ही पद पर कार्यरत कर्मचारियों के मनोबल में गिरावट आ रही है। यदि भर्ती /पदोन्नति नियम अनुसार सभी संवर्गो की पदोन्नति निर्धारित समयसीमा/मापदण्ड अनुसार कर दी जाती है तो एक ओर अत्यधिक कार्य के बोझ से कर्मचारी मुक्त होगें, वहीं दुगुने उत्साह से उनमें कार्य करने की उर्जा उत्पन्न होगी। अतः महिला बाल विकास विभाग के लिपिक वर्गीय कर्मचारी महोदय से निवेदन करते है कि भर्ती/ पदोन्नति नियम 2009 अनुसार कनिष्ठ संवर्ग से लेकर अपर संवर्ग तक के कर्मचारियों की शीघ्र पदोन्नति करने की कार्यवाही कराये जाने की कृपा करें।
माननीय् मुख्यमंत्री महोदय् से पूरी उम्मीद है कि महिला बाल विकास विभाग में लिपिक वर्गीय कर्मचारियों को पदोन्नत का लाभ दिलाने की महती कृपा होगी।
अध्यक्ष
लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ
गोहपारू जिला शहडोल म0प्र0