भोपाल। राधौगढ़ कभी रियासत नहीं रही, दिग्विजय सिंह के पूर्वज राजा नहीं थे। वो तो जागीदार थे, अर्जुन सिंह के राजघराने का इतिहास क्या है हमसे पूछो और न जाने क्या क्या। ऐसी कई बातें आए दिन होती रहतीं हैं। यदि आप सचमुच इन राजघरानों और रियासतों के बारे में जानना चाहते हैं तो आ जाइए इस प्रदर्शनी को देखने।
संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय द्वारा राज्य संग्रहालय, श्यामला हिल्स, भोपाल में ‘मध्यप्रदेश की भूतपूर्व रियासतें’ प्रदर्शनी 19 से 26 मार्च तक लगायी जाएगी। दुर्लभ अभिलेखों एवं छायाचित्रों की इस प्रदर्शनी का उद्घाटन 19 मार्च को शाम 5 बजे संस्कृति मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा करेंगे।
प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश की भूतपूर्व रियासतों की झलक दिखेगी। इसमें तत्कालीन राजनैतिक घटनाओं, प्रशासनिक निर्णयों तथा अन्य विषयों से संबंधित ऐतिहासिक दस्तावेजों को प्रदर्शित किया जायेगा। प्रदर्शनी प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात्रि 7 बजे तक खुली रहेगी। प्रदर्शनी में प्रवेश निःशुल्क है।