नागदा। अपने पति को सोते समय जिंदा जलाने वाली पत्नि गुलाबी बाई को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। पुलिस को खबर मिली थी कि वो बहुरानी कालोनी में खड़ी हुई है एवं फरार होने की फिराक में है।
वारदात शनिवार रात 12 बजे विद्यानगर में रहने वाले अनिलदास (52) के साथ हुई। पुलिस के अनुसार अनिलदास 14 माह तक पत्नी से अलग रहने के बाद दो माह पहले ही घर लौटा था। केमिकल उद्योग में सिक्यूरिटी गार्ड है। वह ड्यूटी से आने के बाद घर में सो रहा था। इसी दौरान पत्नी गुलाबी बाई (42) ने उस पर घासलेट डालकर आग लगा दी।
देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड को आग पर काबू पाने में आधे घंटे से भी अधिक समय लगा। अनिलदास की हालत गंभीर है। उसे इंदौर के मयूर हॉस्पिटल रैफर किया गया है।
बिरलाग्राम थाना प्रभारी हरिसिंह ठाकुर ने बताया जांच पता चला कि दोनों पति-पत्नी के बीच काफी समय से मकान का विवाद चल रहा था। गुलाबीबाई स्वयं के नाम पर मकान कराने के लिए अनिल पर दबाव बनाती थी। इसी कारण अनिल घर छोड़कर अलग रह रहा था। दो माह पूर्व दोनों के बीच समझौता हुआ था।