दमोह। पिछले कुछ दिनों से हो रही ठंड की वजह से पारा लगातार नीचे गिरता जा रहा है। और अब ठंड अपने चरम पर होने का बखान कर रही है यही वजह है कि सुबह के समय ठंड की वजह से घरों के बाहर रखे वाहनों पर बर्फ की चादर से चढ़ने लगी है।
शहर के कुछ स्थानों पर सोमवार की अल सुबह ऐसा ही मंजर देखा गया जहां वाहनों का ऊपरी हिस्सा बर्फ की मोटी परत से ढक गया। प्रदेश टुडे टीम ने सोमवार की सुबह इस बात की जानकारी ली तो पाया कि शहर फुटेरा वार्ड स्थित प्रवीण तिवारी के निवास पर रखे चार पहिया वाहनों पर ठंड के भरपूर असर के चलते बर्फ की परत जमी हुई है। प्रवीण तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि ऐसा पहली बार हुआ है जब उनके वाहन बर्फ की परत से ढक गए।
भू अभिलेख विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की शाम न्यूनतम तापमान 4.2 रहा। वहीं इस घटना से अंदाजा लग जाता है कि रात्रि के समय पारा 0 डिग्री से भी नीचे चला गया तभी बर्फ जमने की घटना घटित हुई। बढ़ती ठंड अब लोगो के लिए परेशानी बनती नजर आ रही है।