भोपाल। शिवराज सरकार की उपलब्धियां गिनाने का क्रम लगातार जारी है। मध्यप्रदेश शासन की ओर से जारी आंकड़ों में बताया गया है कि पिछले 9 साल अर्थात शिवराज शासनकाल में पीडब्ल्यूडी विभाग ने कुल 308 ब्रिज बनाए, जिसमें करीब 10 करोड़ रुपए खर्च किए गए।
सनद रहे कि पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि उनके पास मौजूद बजट का पूरा उपयोग करें। सड़कें बनाएं, काम करें। इसके जवाब में प्रशासनिक अधिकारियों ने अपनी उपलब्धियों का डाटाबेस पेश किया है।
लोक निर्माण मंत्री नागेन्द्र सिंह ने यह जनकारी देते हुए बताया कि इनमें से इस वित्तीय वर्ष में दिसम्बर माह तक 23 ब्रिज बनवाये गये। इसमें एक अरब 48 करोड़ 53 लाख की राशि खर्च की गई। इसी प्रकार वर्ष 2011-12 में एक अरब 75 करोड़ 67 लाख रुपये खर्च कर 50 ब्रिज का निर्माण करवाया गया। वर्ष 2010-11 में एक अरब 87 करोड़ 97 लाख की राशि से 59 ब्रिज, वर्ष 2009-10 में एक अरब 23 करोड़ 31 लाख की राशि से 30 ब्रिज, वर्ष 2008-09 में एक अरब 28 लाख की राशि से 26 ब्रिज, वर्ष 2007-08 में 73 करोड़ 30 लाख की राशि से 31 ब्रिज, वर्ष 2006-07 में 39 करोड़ 51 लाख की राशि से 30 ब्रिज, वर्ष 2005-06 में 34 करोड़ 59 लाख की राशि से 36 ब्रिज और वर्ष 2004-05 में 35 करोड़ 46 लाख की राशि से 23 ब्रिज का निर्माण कार्य करवाया गया है।