भोपाल। मध्यप्रदेश की शान पन्ना टाईगर रिजर्व से 133 गिद्ध गायब हो गए हैं। सनद रहे कि भारत में यह अकेला ऐसा इलाका है जहां गिद्धों की कुल 9 में से 7 प्रजातियां पाई जातीं हैं।
यह खुलासा उस समय हुआ जब जनवरी में गिद्धों की गणना की गई। इस बार गणना में केवल 1367 गिद्ध ही मिले, जबकि पिछले वर्ष 2012 में इनकी संख्या 1500 थी और इसे लेकर सरकार ने अपनी पीठ जमकर थपथपाई थी।
वन्यप्राणियों पर करोड़ों खर्च करने वाली सरकार के लिए यह चिंता का विषय है कि यहां से गिद्धों का पलायन शुरू हो गया है। हालांकि सरकार इस मामले को छिपाने का प्रयास कर रही है और बहाना बना रही है कि गणना के समय मौसम खराब होने के कारण गिद्ध रिजर्व एरिया से बाहर चले गए थे। प्रशासन एक बार फिर गिनती कराने के मूड में है ताकि उस पर लगा दाग मिटाया जा सके।