भोपाल। विधानसभा में आज कांग्रेस के स्थगन प्रस्ताव का जबाव देते हुए सीएम ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि किसानों की चिंता हमें भी है और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होगा। यदि प्रदेश का विकास चाहते हो तो इन्वेस्टर्स को मिसागाइड मत करो। इसके जबाव में नेताप्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि हम विकास चाहते हैं, लेकिन किसानों की कीमत पर नही।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में भूमि अधिग्रहण के मामलों में किसानों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। वे कटनी जिले में वेलस्पन पॉवर प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण के खिलाफ किसानों के विरोध प्रदर्शन को लेकर विधानसभा में कांग्रेस के स्थगन प्रस्ताव का जवाब दे रहे थे।
चौहान ने विपक्ष से कहा कि ऐसा माहौल न बनाए जाए कि प्रदेश में निवेश प्रभावित हो। इससे पहले कांग्रेस विधायक स्थगन प्रस्ताव में प्रदेश के अन्य जिलों के भूअधिग्रहण मामले भी उठाना चाहते थे। अध्यक्ष ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसे लेकर करीब आधा घंटे पक्ष विपक्ष में तकरार होती रही।
करीब चार घंटे चली चर्चा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि उद्योगों के लिए उपजाऊ भूमि के बजाय गैर उपजाऊ भूमि का ही अधिग्रहण किया जाए। प्रदेश में चाहे कटनी हो या फिर उज्जैन, खंडवा, सिंगरौली सभी जगह किसान भूमि अधिग्रहण से दुखी हैं। सिंह ने कहा कि विपक्ष भी प्रदेश में औद्योगिक विकास चाहता है लेकिन किसान की कीमत पर नहीं। जबरिया भूमि अधिग्रहण नहीं होना चाहिए।