रेत माफिया को नरेन्द्र तोमर का संरक्षण, सीएम से इस्तीफे की मांग

shailendra gupta
भोपाल। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर पर आरोप लगाया है कि उन्होंने रेत माफिया को संरक्षण दे रखा है और इसी कारण रेत माफिया के हौंसले इतने बुलंद हुए कि उन्होंने पुलिस थाने पर ही हमला बोल दिया। श्री सिंह ने कहा कि प्रशासनिक दृष्टि से शिवराज सिंह अक्षम साबित हो गए हैं, यदि वो प्रदेश का हित चाहते हैं तो इस्तीफा दे दें।

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि आईपीएस. नरेन्द्र कुमार की खनिज माफिया द्वारा हत्या को एक साल भी नहीं हुआ है और मुरैना में खनिज माफिया द्वारा मचाए गए तांडव और उसके सामने डरी-सहमी पुलिस की घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि प्रदेश में हालात बेकाबू है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रशासनिक रूप से अक्षम मुख्यमंत्री है जिनके नेतृत्व में कानून का राज खत्म हो गया है और पुलिस प्रशासन का मनोबल पूरी तरह टूट गया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बढ़ते अपराध भ्रष्टाचार और कुशासन के बाद अगर मुख्यमंत्री वाकई में इस प्रदेश की सलामती चाहते है तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने कहा कि जाते हुए साल में प्रदेश के नागरिकों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने मुरैना में खनिज माफियाओं के तांडव का जो तोहफा दिया है वह इस बात का परिचायक है कि इस प्रदेश में अपराधियों की चलती है उसके सामने पुलिस और प्रशासन बौना हैं।

उन्होंने कहा कि यह घटना इसलिए भी गंभीर है कि यहां के सांसद नरेन्द्र सिंह तोमर हाल ही में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने है और वे वहां का दौरा करके आए है। श्री सिंह ने कहा कि उनके क्षेत्र में इस घटना का घटित होना इस बात का प्रमाण है कि उनका खुला संरक्षण खनिज माफिया को मिला हुआ है। उन्होंने सवाल किया कि यह घटना कहीं उनके अध्यक्ष बनने का जश्न तो नहीं है।

श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का पुलिस एवं शासन प्रशासन पर नियंत्रण कर पाने की क्षमता ही नहीं है। वे चाहे मंत्रालय में बैठक करें या आमसभा में भाषण दे उनकी शैली हमेशा से इतनी सतही होती है कि उनकी बातें बेअसर और बेमानी होती है। वे निरंतर इस प्रदेश को स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने का धोखा दे रहे है। घटित घटनाएं उनके इस झूठ की कलई खोल देते हैं।

बढ़ते बलात्कार अपराधों में भाजपाईयों की बढ़ती हिस्सेदारी इस बात की पुष्टि है कि प्रदेश में कानून का राज खत्म हो चुका है और अब अपराधियों, भ्रष्टाचारियों के पास इस प्रदेश की कमान है। पंचायतों, यात्राओं और उत्सवो में डूबे मुख्यमंत्री का वास्तव में इस प्रदेश के सुशासन से कोई मतलब ही नहीं है। उन्होंने सुशासन दिवस मनाकर अपनी इतिश्री समझ ली। मुरैना की घटना उनके सुशासन की असलियत अपने आप बतलाता है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री वाकई इस प्रदेश की सलामती चाहते है तो उन्हें तत्काल इस प्रदेश के व्यापक हित में अपने कर्तव्य का पालन करते हुए मुख्यमत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

ज्यादती की शिकार युवती के निधन पर गहरा दुःख

भोपाल। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह  ने दिल्ली में ज्यादती की शिकार युवती के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। श्री सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा कि युवती  ने अपने ऊपर आई शारीरिक और मानसिक आपदा का जिस साहसिक तरीके से मुकाबला किया है वह निश्चित ही एक उदाहरण है।

उन्होंने युवती के साथ ज्यादती करने वालों को सख्त सजा दिये जाने की अपेक्षा न्यायालय से की है, ताकि इस मानसिकता के लोगों के सामने यह सजा एक दहशत बने और समाज ऐसे जघन्य और वीभत्स हादसों से मुक्त हो सके।

श्री सिंह ने दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने के साथ ही ईश्वर से यह कामना की है कि वह इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति युवती के परिजनों को प्रदान करें।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
Facebook पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!