सीएम व राज्यपाल ने किया india news channel लोकार्पित

राज्यपाल श्री राम नरेश यादव ने कहा है कि लोकतंत्र में सबको अपनी बात कहने का अधिकार है। ऐसे में मीडिया की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। मीडिया राष्ट्रहित और जनसेवा को ध्यान में रखकर कार्य करे। देश- प्रदेश के उत्थान में सहायक हो।

जनजागृति, देश और समाज के निर्माण में योगदान के लिये प्रेरित करे। श्री यादव आज यहाँ इण्डिया न्यूज मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ चैनल के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मीडिया की खबरों में दायित्व बोध और सामाजिक सरोकार भी होना चाहिये।

लोकार्पण समारोह में नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री बाबूलाल गौर, गृह मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता, पूर्व मंत्री श्री चन्द्रकुमार भनोट एवं बड़ी संख्या में मीडिया जगत की हस्तियाँ और प्रतिनिधि उपस्थित थे।

राज्यपाल श्री यादव ने कहा कि मीडिया समाज का दिशा दर्शन करे। उन्होंने कहा कि मीडिया कसौटी पर है। उसे पूर्वाग्रह मुक्त, स्वतंत्र, निष्पक्ष और उत्तरदायी सिद्ध करना है। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज का आइना है। सामाजिक उत्थान में उसकी दूसरों से अधिक जिम्मेदारी है। देश और समाज के निर्माण में मीडिया की अहम भूमिका है। वर्तमान परिस्थितियों में मीडिया का व्यापक विस्तार हुआ है। इसके साथ ही नई चुनौतियाँ भी सामने आयीं हैं। समाज में सद्भाव और एकता के लिये क्या संदेश देना है, इसका अहसास भी जरूरी है। जागरूकता के साथ ही जवाबदेही का भी अहसास भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नेता और जनता के मध्य मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मीडिया समाज की ताकत को खोजे। समाज में अच्छे और बुरे दोनों प्रकार के लोग हैं। मीडिया में आने वाले समाचारों से मन नैराश्य से भर जाता है। बुराई को दिखाने की सीमा पर विचार करना होगा। ऐसा न हो कि समाज में अनास्था का ऐसा दौर शुरू हो जाये कि भरोसा ही समाप्त हो जाये। इसलिये यह आवश्यक है कि समाज में जो अच्छा है, उसे भी दिखाया जाये। सूचना क्रांति के इस दौर में सूचना का प्रसार बड़ी जिम्मेदारी है। किसी सूचना के प्रसारित होने से देश-प्रदेश का बड़ा नुकसान नहीं हो, इस जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि मीडिया को बेटी बचाओ जैसे सामाजिक अभियानों के साथ जुड़ना चाहिये। बेटियों की घटती संख्या एक बड़ी सामाजिक समस्या है। इसे रोका नहीं गया तो समाज का संतुलन बिगड़ेगा और तनाव बढ़ेगा। उन्होंने इण्डिया न्यूज की टीम को बधाई देते हुये कहा कि चैनल सक्षम हाथों में है और उसका भविष्य उज्जवल है। उन्होंने कहा कि चैनल की टीम दिल की सुनकर मध्यप्रदेश के विकास में सहयोगी बने।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने न्यूज चैनल के लोकार्पण के दौरान मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुये आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने चैनल की विज्ञापन नीति की भी सराहना की। श्री चौहान ने कहा कि लगातार चुनाव एक बड़ी समस्या है। चुनाव में चंदा भ्रष्टाचार की बुनियाद है। उन्होंने चुनाव सुधार के तीन प्रमुख सुझाव देते हुये कहा कि लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ हों। उनका कार्यकाल पूरे पाँच वर्ष का हो तथा चुनाव खर्च निर्वाचन आयोग वहन करे। उन्होंने कहा कि वे चुनाव सुधारों के लिये प्रयास निरंतर करते रहेंगे।

जनसंपर्क एवं संस्कृति मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने चैनल प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये टीम को बधाई दी। पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी ने बधाई देते हुये कहा कि खबर कैसे और कब दी जाये यह अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, सांसद श्री कांतिलाल भूरिया ने चैनल को उन्नति की नई ऊचाईयाँ छूने की शुभकामनायें दीं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रभात झा ने कहा कि मीडिया में लोकतंत्र की आवश्यकता है। देश की रक्षा के लिये सैनिक सीमा का प्रहरी है उसी प्रकार से समाज का प्रहरी मीडिया है। उन्होंने चैनल को शुभकामनायें देते हुये कहा कि मीडिया सच के निकट और झूठ से दूर रहेगा तभी लोकतंत्र मजबूत होगा। आभार प्रदर्शन इण्डिया न्यूज प्रायवेट लिमिटेड के मुख्य प्रबंध निदेशक श्री कार्तिक शर्मा ने किया।

इस अवसर पर राज्यपाल श्री रामनरेश यादव और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने रिमोट का बटन दबाकर चैनल लोकार्पित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में सरस्वती वंदना और दीप प्रज्जवलन के साथ लोर्कापण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मध्यप्रदेश गान का गायन सुश्री सुहासिनी जोशी एवं साथियों ने किया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह श्री राकेश अग्निहोत्री ने भेंट किये। कार्यक्रम में गौरवशाली मध्यप्रदेश का प्रस्तुतिकरण भी हुआ।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!