भोपाल। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पीसी शर्मा के नेतृत्व में शनिवार को सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा सांसद राम जेठमलानी द्वारा भगवान राम पर अमर्यादित बयान देने के विरोध में 6 नं. बस स्टाप पर एकत्रित हुए। यहां से जुलूस की शक्ल में भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। इस दौरान पुलिस द्वारा बैरीकेड्स लगाकर रोकने पर कार्यकर्ताओं से झूमाझटकी की गई। हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरμतार कर लिया।
बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि पूरे देश में भगवान राम के नाम पर भाजपा बड़ी पार्टी बनी है। लेकिन भाजपा के लोगों ने जिस तरह स्वामी विवेकानंद को भुला दिया, उसी तरह अब वह भगवान राम को भी भूल चुके हैं और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के खिलाफ अपमानजनक, अभद्र बयानबाजी कर रहे हैं। इससे भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है तथा पूरे देश में इस बयान को लेकर जनता में आक्रोश है।
जो लोग भगवान राम और हिंदूत्व का उपयोग सत्ता पाने के लिए करते थे, वही लोग अब उन्हें बदनाम कर रहे हैं, वहीं उप्र के भाजपा नेता विनय कटियार उनका समर्थन कर रहे हैं। इसके लिए पूरी भाजपा को देश की जनता से माफी मांगना चाहिए, ऐसा न करने पर कांग्रेस द्वारा भगवान राम के सम्मान में आंदोलन निरंतर जारी रहेगा और आने वाले चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को सबक सिखाकर भगवान राम की शक्ति का अहसास कराएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को रोकने एवं पुलिस द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की निंदा की।