ग्वालियर। पीएमटी कांड के एक और आरोपी की मौत हो गई है। उसकी मृत्यु का प्रमाण पत्र विशेष सत्र न्यायालय सतीशचंद्र शर्मा की कोर्ट में पेश कर दिया गया है। उसकी मौत 5 मार्च को होना बताई जा रही है। आरोपी का कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
मध्यप्रदेश शासन बनाम गुलाब सिंह माथुर के केस की बीते दिन कोर्ट में सुनवाई थी। इस केस के एक आरोपी निरंजन प्रकाश शर्मा का कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, लेकिन उसका मृत्यु प्रमाण पत्र पेश किया गया। वह केस दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा था।
यह पीएमटी कांड का सबसे बड़ा केस है। इसमें 250 से अधिक आरोपियों को शामिल किया गया है, लेकिन दस्तावेज नहीं होने से अब तक आरोप तय नहीं हो पाए हैं।