
छतरपुर जिले के चंदला से भाजपा विधायक आरडी प्रजापति ने अधिकारियों और कर्मचारियों को हाथ काटने की धमकी दी है। विधायक ने अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि, यही हाल रहा तो उनका क्षेत्र नक्सली क्षेत्र बन जाएगा। लवकुश नगर में अंत्योदय मेले के दौरान विधायक आरडी प्रजापति ने मंच से सार्वजनिक रूप से धमकी देते हुए कहा कि अधिकारी और कर्मचारी गरीबों का काम ठीक से नहीं कर रहे हैं। वह गरीबी रेखा में लिखे लोगों के नाम बिना वजह काट रहे हैं।
विधायक ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों ने ऐसा करना बंद नहीं किया तो उनके हाथ नहीं रहने दूंगा। विधायक इतने पर भी नहीं रूके, उन्होंने आगे कहा कि जिस अधिकारी को काम नहीं करना है वह अपना बोरिया-बिस्तर उठाकर चंपत हो जाए। विधायक प्रजापति का दावा है कि जब से वह विधायक बने हैं, तब से उनके विधानसभा क्षेत्र में भ्रष्टाचार बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि यदि यही हाल रहा तो उनका क्षेत्र नक्सली बन जाएगा।