भोपाल में सोने के दांत के लिए दीपावली से पहले वृद्ध महिला की हत्या

Updesh Awasthee
भोपाल, 7 नवंबर 2026:
शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में दीपावली के ठीक पहले, सोने के दांत के लिए एक वृद्ध महिला की हत्या कर दी गई। हत्या करने वालों ने गला घोट कर हत्या की और फिर दांत उखाड़ कर ले गए। इस घटना के विरोध में लोगों ने कोहेफिजा से कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाली सड़क पर करीब 45 मिनट तक चक्का जाम किया। 

इलाके में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं

परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने कलरी देवी की बेरहमी से हत्या की और उनके सोने के दांत तक उखाड़ लिए। इस घटना के बाद परिवार और परिचितों में भारी नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी आक्रोश जताया। उनका कहना है कि इलाके में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। इससे पहले भी क्षेत्र में इसी तरह की दो हत्याएं हो चुकी हैं, लेकिन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। परिजनों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

पुलिस अधीक्षक अनिल बाजपेई के आश्वासन पर चक्का जाम खोला

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनिल बाजपेई, कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर और शाहजहानाबाद थाना प्रभारी यूपीएस चौहान सहित दो थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाया और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया। इसके बाद करीब 45 मिनट से जारी प्रदर्शन समाप्त हुआ। परिजन कलरी देवी का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए।

वाजपेयी नगर मल्टी की घटना

कलरी देवी पति स्वर्गीय हरिचरण के साथ वाजपेयी नगर मल्टी के ब्लॉक बी-2 में रहती थीं। उनकी चार बेटियों की शादी हो चुकी है। उनका इकलौता बेटा मूक-बधिर है और श्यामला हिल्स स्थित एक सरकारी कार्यालय में नौकरी करता है। शुक्रवार सुबह महिला की हत्या का मामला सामने आया था। शुरुआती जांच में लूट के इरादे से वारदात की आशंका जताई गई थी।

शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में दम घुटने से हत्या की पुष्टि

पुलिस को मिली शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दम घुटने से हत्या की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, रस्सी जैसी किसी चीज से महिला का गला घोंटा गया था। परिजनों ने इलाके में रहने वाले एक युवक पर शक जताया है, जो वारदात के बाद से दिखाई नहीं दिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी उसकी भूमिका की पुष्टि नहीं की है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!