कटनी में दीपावली की रात भीषण अग्निकांड, अग्रवाल परिवार के दो माह के मासूम समेत 6 लोगों की मौत

Updesh Awasthee
कटनी, 9 नवंबर 2026:
दीपावली की खुशियों के बीच कटनी जिले के बरही नगर में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। कटनी मार्ग स्थित पूरन अग्रवाल एवं रितेश अग्रवाल की क्राकरी दुकान में रविवार रात करीब 11:30 बजे अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के ऊपर बनी तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इमारत के ऊपरी हिस्से में अग्रवाल परिवार के छह सदस्य सो रहे थे। इनमें दो माह का मासूम भी शामिल था। 

दुकान में आग, ऊपर मकान में फंसा रहा परिवार

जानकारी के मुताबिक, नीचे क्राकरी की दुकान संचालित थी और ऊपर परिवार निवास करता था। रात के समय अचानक लगी आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग और धुएं के कारण परिवार के सदस्यों के बाहर निकलने का रास्ता मुश्किल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग अपने स्तर पर बचाव के प्रयास करते रहे। 

डेढ़ घंटे बाद पहुंची दमकल, आग बुझाने में नाकाम

घटना की गंभीरता के बावजूद नगर परिषद बरही की दमकल गाड़ी करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। बताया गया कि दमकल आग पर काबू पाने में सफल नहीं हो सकी और तीसरी मंजिल पर आग लगातार धधकती रही। इसके बाद कैमोर और विजयराघवगढ़ से दमकल वाहनों को बुलाने की कवायद शुरू हुई। रात करीब 1:56 बजे विजयराघवगढ़ से दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचा। 

रात डेढ़ बजे तक जिम्मेदार अधिकारियों का इंतजार

हादसे के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हुए। स्थानीय जानकारी के अनुसार, रात पौने दो बजे तक मौके पर तहसीलदार, एसडीएम और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी नहीं पहुंच पाए थे। यहां तक कि अधिकारियों से संपर्क करने के प्रयास भी सफल नहीं हुए। घटनास्थल पर बरही पुलिस के दो कर्मचारी ही मौजूद बताए गए। 

प्रशासनिक तैयारियों पर उठे सवाल

दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर जब बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है, तब अग्निशमन व्यवस्था की तत्परता सबसे महत्वपूर्ण होती है। बरही की इस घटना ने आपातकालीन सेवाओं की तैयारी, दमकल की उपलब्धता और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 
रिपोर्ट: रुद्र नारायण।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इस समाचार को अत्यंत हृदय विधायक बताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!