भोपाल, 12 अक्टूबर 2026: मध्य प्रदेश के समस्त शासकीय हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी विद्यालयों में सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं से 12वीं तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के आयोजन को लेकर म.प्र. राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए हैं।
ओपन स्कूल बोर्ड उपलब्ध कराएगा गोपनीय सामग्री
जारी आदेश के अनुसार, कक्षा 11वीं एवं 12वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 18 दिसंबर 2026 से और कक्षा 9वीं एवं 10वीं की परीक्षाएं 21 नवंबर 2026 से प्रारंभ होंगी। परीक्षा के लिए गोपनीय सामग्री एवं प्रश्नपत्र म.प्र. राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रदाय किए जाएंगे। बोर्ड ने प्रदेश के समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर विद्यालयों की विषयवार एवं कक्षावार छात्र संख्या निर्धारित पोर्टल पर 20 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से प्रविष्ट कराने के निर्देश दिए हैं।
पोर्टल पर दर्ज करनी होगी विषयवार जानकारी
विद्यालयों को निर्दिष्ट यू.आर.एल. ([suspicious link removed]) पर अपने डाइस (DISE) कोड, यूजर नेम और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन कर स्कूल प्रोफाइल, प्राचार्य तथा परीक्षा प्रभारी की जानकारी दर्ज करनी होगी। कक्षा 11वीं व 12वीं के अतिरिक्त (एडिशनल) विषयों तथा व्यावसायिक शिक्षा के विद्यार्थियों की संख्या भी मूल छात्र संख्या में सम्मिलित करके सावधानीपूर्वक प्रविष्ट करने को कहा गया है। परीक्षा के प्रश्नपत्र केवल हिंदी और अंग्रेजी माध्यम में ही उपलब्ध कराए जाएंगे। उर्दू माध्यम के प्रश्नपत्र तथा जिला स्तर से तैयार होने वाले विषयों के पेपर संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) अपने स्तर पर तैयार करवाएंगे।
दैनिक मॉनिटरिंग के आदेश म.प्र. राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड ने इस प्रविष्टि कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी वरिष्ठ अधिकारी के माध्यम से प्रतिदिन मॉनिटरिंग कराने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा शुल्क के संबंध में निर्देश पृथक से जारी किए जाएंगे।

