इंदौर, 20 अक्टूबर 2026: एमआईजी थाने में जमकर हंगामा हुआ है। कुछ पेरेंट्स अपनी बच्चियों को लेकर पुलिस थाने पहुंचे और उन्होंने शहनाई रेसिडेंसी में रहने वाली रिटायर्ड महिला टीचर पर आरोप लगाया कि उन्होंने लड़कियों को कन्या भोज के नाम पर आमंत्रित किया और फिर, एक कमरे में बंद कर दिया। कपड़े उतरवाए। उन्होंने लड़कियों पर चोरी का आरोप लगाया था। यह पूरा घटनाक्रम करीब 4 घंटे तक चलता रहा।
महिला ने वहां रखे पैसे चोरी करने का आरोप लगाया
पुलिस थाने आए पेरेंट्स एवं बच्चियों ने बताया कि, वे बीआरटीएस के एमआर-9 चौराहे के पास स्थित शहनाई रेसिडेंसी में कन्या भोज के लिए गई थीं। वहां फ्लैट नंबर 303 में रहने वाली अनिता मोहता (सरकारी स्कूल से रिटायर्ड महिला शिक्षक) ने उन्हें अपने घर भी खाने के लिए बुलाया। महिला ने गिफ्ट और पैसे देने की बात कही थी। बच्चियों का आरोप है कि घर पहुंचने के बाद महिला ने वहां रखे पैसे चोरी करने का आरोप लगाया। इसके बाद उन्हें कमरे में बंद कर थप्पड़ मारने लगी। बच्चियों ने चोरी करने से इनकार किया, लेकिन महिला ने उनकी बात नहीं सुनी। परिजनों ने बच्चियों के कपड़े उतरवाकर पीटने का भी आरोप लगाया है।
बच्चियों को करीब चार घंटे तक कमरे में बंद रखा
परिजनों के अनुसार, बच्चियों को करीब चार घंटे तक कमरे में बंद रखा गया था। दरवाजे पर ताला लगा दिया गया था। आरोप है कि बच्चियों को धमकी दी गई कि अगर वे चिल्लाईं तो उन्हें घर नहीं जाने देंगे और जान से मार देंगे। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन बच्चियों को लेकर एमआईजी थाने पहुंचे। उन्होंने महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नया बसेरा में 10 साल तक पढ़ाया
जिस महिला पर आरोप लगाए गए हैं, वह सरकारी स्कूल से रिटायर्ड टीचर हैं। उन्होंने नया बसेरा स्थित उस इलाके में करीब 10 साल तक पढ़ाया है, जहां ये बच्चियां रहती हैं। एमआईजी थाना प्रभारी चंद्रभाल सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। बच्चियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और जांच की जा रही है।

