दशहरे के दिन मुख्यमंत्री को मिला नया एयरक्राफ्ट, फीचर्स और प्राइस जानिए

Updesh Awasthee
भोपाल, 20 अक्टूबर 2026:
विजयदशमी के दिन श्रवण नक्षत्र के दुर्लभ संयोग में मध्य प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को नया एयरक्राफ्ट मिला है। मुहूर्त चिंतामणि के अनुसार विजयदशमी की तिथि को 'जयदा' (विजय देने वाली) तिथि कहा जाता है। यहां हम बता रहे हैं कि इस नए एयरक्राफ्ट में क्या शानदार फीचर्स हैं और इसकी कीमत कितनी है। 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के नए विमान की कीमत

मध्य प्रदेश सरकार द्वारा खरीदा गया नया विमान Bombardier Challenger 3500 है। आज विजयदशमी के दिन यह विमान भोपाल के स्टेट हैंगर पर खड़ा हुआ है। कनाडा की विमान निर्माता कंपनी बॉम्बार्डियर का चैलेंजर 3500 आधुनिक बिजनेस जेट की श्रेणी में आता है। इसकी खरीद की लागत अलग-अलग रिपोर्टों में करीब 230 से 250 करोड़ रुपए बताई गई है। टैक्स और अन्य खर्च जोड़ने पर कुल लागत के अनुमान भी अलग हैं। विमान के लिए करीब 268 करोड़ रुपए का बीमा प्रस्तावित किया गया है।

इतना महंगा विमान क्यों खरीदा? 

अधिकारियों के मुताबिक, नया शासकीय विमान आने के बाद हवाई यात्रा पर होने वाला मासिक खर्च मौजूदा खर्च का करीब एक-तिहाई रह जाएगा। मतलब खर्चे में 66% की बचत होगी। बॉम्बार्डियर चैलेंजर 3500 के संचालन के लिए करीब 1800 मीटर या इससे अधिक लंबे रनवे की जरूरत बताई गई है। प्रदेश की करीब 20 हवाई पट्टियों में से केवल 3 पर ही इतनी लंबाई का रनवे है। केंद्र के स्तर पर पांच नए एयरपोर्ट की मंजूरी की प्रक्रिया चल रही है। इनमें सिंगरौली को प्राथमिकता दी गई है। उड़ान योजना के तहत 10 हवाई पट्टियों को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी है। प्रदेश में अभी 8 एयरपोर्ट, 20 से अधिक एयरस्ट्रिप और 220 हेलीपैड हैं। सरकार सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में स्थायी हेलीपैड बनाने की योजना पर काम कर रही है।

नया विमान नए साल में उड़ान भरेगा

विमान भोपाल पहुंच गया है, लेकिन उसे नियमित सरकारी उड़ानों के लिए तैयार करने की प्रक्रिया अभी बाकी है। इन प्रक्रियाओं में करीब 45 दिन लगने का अनुमान बताया जा रहा है। विमान के भारतीय पंजीयन, लागू विमानन नियमों के अनुपालन और उड़ान संचालन से जुड़ी जरूरी मंजूरियां पूरी करनी होंगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आए विमान की सीमा शुल्क संबंधी औपचारिकताएं भी आवश्यक होती हैं।
विमान की तकनीकी स्थिति, उपकरणों और सुरक्षा प्रणालियों की जांच के बाद ही उसके संचालन को मंजूरी दी जा सकेगी।
विमान उड़ाने के लिए पायलटों की आवश्यक योग्यता, प्राधिकरण और प्रशिक्षण संबंधी शर्तें पूरी होनी चाहिए। जरूरत के अनुसार परीक्षण उड़ान और अन्य परिचालन जांच भी होंगी। 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के नए विमान के फीचर्स 

इसकी अधिकतम उड़ान दूरी करीब 6,297 किलोमीटर है। मतलब एक बार फ्यूल टैंक फुल करवाने के बाद यह विमान 6000 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है। 
विमान के केबिन में नौ यात्रियों के बैठने की व्यवस्था बताई गई है। इसमें पायलटों के लिए अलग कॉकपिट है। विशेष डिजाइन वाली नुआज (Nuage) सीटें लंबी यात्रा के दौरान आराम को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं।
केबिन की रोशनी, तापमान और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाओं को आवाज के जरिए नियंत्रित किया जा सकता है। विमान में वायरलेस चार्जिंग और 24 इंच की 4K स्क्रीन जैसी सुविधाएं भी हैं।

भारत में केवल चार विमान, दुनिया भर में 200

Bombardier Challenger 3500, दुनिया भर में बिकने वाला सबसे लोकप्रिय बिजनेस जेट है। यह इतना महंगा है कि भारत में केवल चार विमान हैं। चौथा मध्य प्रदेश सरकार ने खरीदा है। इनमें से एक विमान विदेशी कंपनी ने खरीदा है लेकिन भारत में रजिस्टर्ड करवाया है। सबसे पहला विमान महिंद्रा एयरवेज द्वारा खरीदा गया था। दुनिया भर में इस एयरक्राफ्ट की 200 यूनिट बिक चुकी है। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है।

5 साल से किराए के विमान से काम चलाया जा रहा था

मध्यप्रदेश सरकार का पिछला स्टेट प्लेन बीचक्राफ्ट किंग एयर बी-250 मई 2021 में ग्वालियर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद सरकार को आधिकारिक यात्राओं के लिए दूसरे विमानों पर निर्भर रहना पड़ा। नए चैलेंजर 3500 की खरीद को जुलाई 2024 में मंजूरी मिली थी। अब विमान भोपाल पहुंचने के बाद सरकार के बेड़े में शामिल होने की प्रक्रिया के अंतिम चरण में है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!