BHOPAL NEWS VIDEO: न्यू मार्केट में सिलेंडर ब्लास्ट, 6 दुकानें तबाह, लपटें 25 फीट तक उठती नजर आईं

Updesh Awasthee
भोपाल, 8 अक्टूबर 2026:
फेस्टिवल सीजन में भोपाल के व्यापारियों का कितना माल बिकेगा और कितना प्रॉफिट बनेगा यह सब तो बाद में पता चलेगा लेकिन भोपाल के दुकानदारों की लाइफ में भतेरे संकट भी आ रहे हैं। एक तरफ सुप्रीम कोर्ट का डंडा चल रहा है तो दूसरी तरफ न्यू मार्केट जैसे इलाके में आग लग गई। छोले भटूरे की दुकान में सिलेंडर ब्लास्ट हुआ तो 6 दुकानें तबाह हो गईं। यह घटना खेड़ापति मंदिर के ठीक पीछे की है।

न्यू मार्केट में आज का धुआं 2 किमी दूर तक दिखा

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, भोपाल के न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर छोले-भटूरे की दुकान में भीषण आग लग गई। लपटें करीब 25 फीट तक उठीं और धुआं 2 किमी दूर तक दिखा। आग 5-6 दुकानों और पास की 10-12 रेहड़ियों तक पहुंच गई। दुकान से सटा खेड़ापति हनुमान मंदिर दीवार के कारण आग से बच गया। आग सबसे पहले छोले-भटूरे की दुकान में लगी, फिर पास की दो मोबाइल शॉप, बर्तन और कपड़ा शोरूम तक पहुंची। दुकान में मौजूद लोग जान बचाकर भागे। आग को और फैलने से रोकने के लिए 15 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर हैं। 

10-12 रेहड़ियां भी आग में जल गईं 

छोले-भटूरे की दुकान में दो गैस सिलेंडर रखे होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों सिलेंडरों में ब्लास्ट के बाद आग भड़की और फिर आसपास की दुकानों तक फैल गई। आग बुझाने के लिए अब दुकान की दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने की कोशिश की गई। आग सबसे पहले छोले-भटूरे की दुकान में लगी। इसके बाद कुर्ता-पजामा शॉप, मोबाइल शॉप, चार मंजिला बर्तन की दुकान और रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान तक फैल गई। आसपास की 10-12 रेहड़ियां भी आग में जल गईं।

फायर ब्रिगेड आने में आधा घंटा लगा

दुकानदारों के मुताबिक आग से करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। दुकानों में दिवाली का स्टॉक भरा था, जो आग में जल गया। चार मंजिला बर्तन की दुकान भी इसकी चपेट में आई, जिससे नुकसान और बढ़ गया। सामने की दुकान के संचालक संजय कुमार जैन ने बताया- सबसे पहले छोले-भटूरे की दुकान की भट्टी में आग लगी। इसके बाद आग दुकान के ऊपर तक फैल गई। उन्होंने नगर निगम की फायर ब्रिगेड को फोन किया, लेकिन गाड़ी पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया। तब तक बाजू की कुर्ते-पजामे, मोबाइल, बर्तन और कपड़े की दुकानों में भी आग फैल गई। जैन के मुताबिक, चौराहे पर अतिक्रमण और मंदिर के सामने जाम की वजह से फायर ब्रिगेड की गाड़ी को आने-जाने में परेशानी हुई। पहुंचने में समय लगा। कुर्ते-पजामे की दुकान कुछ दिन पहले ही खुली थी।

विधायक का आश्वासन

न्यू मार्केट में अतिक्रमण के कारण दमकल की गाड़ियां समय पर अंदर नहीं पहुंच पाईं, जिससे आग बुझाने में देरी हुई और आग तेजी से फैलती गई। दुकान के बाहर और आसपास अतिक्रमण मिला। विधायक भगवान दास सबनानी ने कहा कि यह बड़ी घटना सबक दे रही है। जल्द ही न्यू मार्केट को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।

भट्टी के ऊपर बैनर ना होता तो शायद हादसा ही ना होता

प्रत्यक्षदर्शी निलेश पाटिल के मुताबिक, वह खाना खाने के लिए दुकान पर आया था। छोले-भटूरे तलते समय अचानक आग भड़क गई। ऊपर लगे बैनर ने भी आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग तेज हो गई। हादसे के दौरान दुकान के अंदर करीब 50 से 60 लोग मौजूद थे, जो आग लगते ही बाहर निकल गए। आग इतनी तेज थी कि कुछ देर के लिए दुकान से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। उसने सबसे पहले फायर ब्रिगेड को फोन किया। इसके बाद अपनी गाड़ी वहां से हटाई।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!