भोपाल, 12 सितंबर 2026: कटनी मध्य प्रदेश की रहने वाली 22 वर्षीय युवती, भोपाल में बीकॉम की पढ़ाई करने आई थी। मां रेलवे कर्मचारी है। पढ़ाई का खर्चा निकालने के लिए इवेंट कंपनी में एंकरिंग का काम करने लगी, यहीं पर उसको प्यार भी हो गया और अपने बॉयफ्रेंड के प्रति लॉयल्टी साबित करने के लिए वैशाली ने सुसाइड कर लिया।
घटना भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र की है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात 22 साल की युवती ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। आत्महत्या से पहले उसने अपने बॉयफ्रेंड अतुल को आखिरी मैसेज भेजा। इसमें लिखा था- सॉरी यार, मैंने तुम्हारे साथ बहुत गलत किया है। हो सके तो प्लीज माफ कर देना। आई लव यू। आज तुमसे सभी चीजें खत्म कर रही हूं, बाय। अपना गुस्सा ठीक कर लेना, प्लीज। सॉरी यार, मैं ऐसा कुछ कर रही हूं। मेरे पास और कोई ऑप्शन नहीं था। बाकी मैंने कभी धोखा नहीं दिया… मैं तुम्हारे लिए हमेशा लॉयल रही, मेरा सारा पैसा भी रख लेना।’
पुलिस के अनुसार, मृतका वैशाली मूल रूप से कटनी की रहने वाली थी और भोपाल में किराए के मकान में रह रही थी। उसने बीकॉम तक पढ़ाई की थी। वह भोपाल के एक साड़ी शोरूम में नौकरी करती थी। इसके साथ ही इवेंट में एंकर के तौर पर भी काम करती थी। वैशाली ने करीब 20 दिन पहले नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद वह कटनी स्थित अपने घर चली गई थी। 2 सितंबर को वह कटनी से भोपाल आई थी। मामले में पुलिस ने उसकी मां के बयान दर्ज किए हैं। मां रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। युवती के पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। वैशाली परिवार की इकलौती बेटी थी।
प्रधान आरक्षक नीलेंद्र सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में युवती की मां ने बताया कि वह डिप्रेशन से परेशान थी। परिवार ने पुलिस को यह भी बताया कि वैशाली को माइग्रेन की समस्या थी। हालांकि, सुसाइड की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वैशाली ने सुसाइड से पहले अतुल नाम के युवक को वॉट्सऐप पर मैसेज किया था। इसमें उसने अतुल से धोखा नहीं देने की बात कही और उसके प्रति हमेशा लॉयल रहने का जिक्र किया। मैसेज सामने आने के बाद पुलिस युवक से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस ने वैशाली का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। फोन की जांच के बाद वॉट्सऐप चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल जानकारी खंगाली जाएगी। इससे पता चलेगा कि सुसाइड से पहले युवती की किन लोगों से बातचीत हुई थी और घटना के पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं थी। पुलिस फिलहाल मामले की सभी एंगल से जांच कर रही है।

