भोपाल-इंदौर का मास्टर प्लान के लिए कांग्रेस ने 3 महीने का अल्टीमेटम दिया

Updesh Awasthee
भोपाल, 12 सितंबर 2026:
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने आज भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर पूर्व मंत्री श्री पी.सी. शर्मा जी द्वारा भोपाल मास्टर प्लान लागू करने की मांग को लेकर आयोजित 31 घंटे के उपवास कार्यक्रम में सम्मिलित होकर समर्थन व्यक्त किया।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष श्री मुकेश नायक, विधायक श्री नितेंद्र राठौर, श्री विजय चौरे, पूर्व संगठन महामंत्री श्री राजीव सिंह, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रीना बौरासी, भोपाल शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री प्रवीण सक्सेना, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष श्रीमती संतोष कंसाना, लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी श्री अरुण श्रीवास्तव, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री गोविंद गोयल, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री मोनू सक्सेना सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

श्री पटवारी ने कहा कि भोपाल और इंदौर के मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार आवाज उठाती रही है। पूर्व मंत्री श्री पी.सी. शर्मा जी ने भोपाल के मास्टर प्लान की मांग को लेकर उपवास किया है। इससे पहले व्यापारियों और विधायक श्री आरिफ मसूद जी ने भी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन किया है। कांग्रेस पार्टी ने समय-समय पर सरकार से भोपाल और इंदौर का मास्टर प्लान लागू करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि नगरीय प्रशासन मंत्री, मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री से कांग्रेस पार्टी आग्रह करती है कि अगले तीन महीने के भीतर भोपाल और इंदौर का मास्टर प्लान जारी किया जाए। मास्टर प्लान के अभाव में शहरों का बेतरतीब विकास हो रहा है, जिससे आम जनता और व्यापारी दोनों परेशान हैं।

श्री पटवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीन महीने के भीतर भोपाल और इंदौर का मास्टर प्लान नहीं लाया गया और व्यापारियों तथा जनता की परेशानियां जारी रहीं, तो कांग्रेस पार्टी इंदौर से भोपाल तक 50 हजार लोगों के साथ पदयात्रा निकालेगी। यह पदयात्रा केवल मास्टर प्लान की मांग तक सीमित नहीं होगी, बल्कि प्रदेश में फैल रहे भ्रष्टाचार और बेतरतीब विकास के खिलाफ भी जनआंदोलन का रूप लेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता से वोट लिए हैं और यदि जनता को मूलभूत सुविधाओं तथा व्यवस्थित विकास के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, तो यह जनता के साथ अन्याय है। कांग्रेस पार्टी जनता और व्यापारियों की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

राहुल गांधी जी के 19 सितंबर के कार्यक्रम को लेकर सरकार पर निशाना

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने राहुल गांधी जी के 19 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के ऐसे पहले नेता प्रतिपक्ष हैं, जो किसी गैर-राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं। इसके बावजूद मोहन सरकार ने कार्यक्रम के लिए मैदान के उपयोग के नाम पर ₹10 लाख का शुल्क लिया है।

उन्होंने कहा कि पूर्व में जब अटल बिहारी वाजपेयी जी नेता प्रतिपक्ष के रूप में भोपाल आते थे, तब कांग्रेस सरकार उन्हें कार्यक्रम की अनुमति देती थी और स्वयं भी उनके कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें सुनती थी। लेकिन आज भाजपा सरकार द्वारा राहुल गांधी जी के कार्यक्रम के लिए मैदान का ₹10 लाख शुल्क लेना दोनों सरकारों की सोच के बीच के बड़े अंतर को दर्शाता है।

श्री पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी जी का कार्यक्रम छात्रों और युवाओं से जुड़ा है और इसमें बड़ी संख्या में युवा अपनी बात रखने के लिए शामिल होंगे। सरकार को राजनीतिक दुर्भावना से ऊपर उठकर लोकतांत्रिक परंपराओं और जनभावनाओं का सम्मान करना चाहिए।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!