नर्मदापुरम, 29 अगस्त 2026: सोहागपुर में सांदीपनी स्कूल के चार विद्यार्थियों को लेकर जा रही बस, बीच रास्ते में अचानक नियंत्रण के बाहर हो गई और पलट गई। इस एक्सीडेंट में किसी भी विद्यार्थी को गंभीर चोट नहीं आई है। सबको प्राथमिक उपचार दे दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना ड्राइवर की लापरवाही से हुई या फिर इसके पीछे कोई और कारण था, इसकी जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बस क्रमांक एमपी 04 पीए 2430 शनिवार सुबह विद्यार्थियों को लेने ग्रामीण क्षेत्र में जंगल की ओर गई थी। घटना के समय बस में चार विद्यार्थी सवार थे। सूकरी और चुरका गांव के बीच मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। बस एक पलटी खाने के बाद तिरछी होकर रुक गई। हादसे की सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस का डायल-112 स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने बस में फंसे और घायल विद्यार्थियों समेत अन्य लोगों को बाहर निकाला और सभी को तत्काल सोहागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
हादसे में घायल विद्यार्थियों की पहचान सौरभ ठाकुर (13), पिता संतोष ठाकुर, निवासी ग्राम बंदीछोड़; ऋषभ ठाकुर (14), पिता संतोष ठाकुर, निवासी ग्राम बंदीछोड़; मधु गुर्जर (14), पिता रामस्वरूप गुर्जर, निवासी चारगांव; और रागिनी पाल (15), पिता ध्रुव कुमार पाल, निवासी चारगांव के रूप में हुई है।
बस ड्राइवर तुलसी प्रसाद, निवासी ग्राम करणपुर और महिला कंडक्टर वर्षा सिंह, निवासी सोहागपुर भी हादसे में घायल हुई हैं। सभी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया।
सोहागपुर थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि सूकरी और चुरका के बीच स्कूल बस पलट गई थी। हादसे में चार विद्यार्थी घायल हुए हैं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। मामले में बस ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

