राशिफल: ग्रहों के सेनापति मंगल आपको जिंदगी का बड़ा सबक देंगे

Updesh Awasthee
ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों का गोचर केवल राशियों तक सीमित नहीं होता, बल्कि नक्षत्र परिवर्तन भी मानव जीवन, प्रकृति और वैश्विक स्थितियों पर गहरा असर डालता है। 12 अगस्त 2026 को ग्रहों के सेनापति मंगल (भौम) अपने मृगशिरा नक्षत्र का सफर पूरा करके तीक्ष्ण संज्ञक आर्द्रा नक्षत्र में प्रवेश करने जा रहे हैं। जहाँ यह 18 सितंबर तक रहेंगे। इस अवधि के बीच में मंगल देवता राजा से लेकर रंक तक, मतलब प्रत्येक व्यक्ति को प्रभावित करेंगे और करोड़ों लोगों को उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा सबक देंगे। जन्म पत्रिका के अनुसार यह पॉजिटिव और नेगेटिव हो सकता है लेकिन इतना पक्का है कि होगा जरूर। 

मंगल अग्नि तत्व, ऊर्जा, साहस और सैन्य बल का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि आर्द्रा नक्षत्र के स्वामी राहु हैं और इसके अधिष्ठाता देव भगवान शिव का 'रुद्र' रूप हैं। वराहमिहिर रचित शास्त्रीय ग्रंथ 'बृहत् संहिता' और ज्योतिषीय सिद्धांतों के अनुसार, जब मंगल जैसा उग्र ग्रह आर्द्रा जैसे तीक्ष्ण और राहु-शासित नक्षत्र में आता है, तो इसके गंभीर और दूरगामी परिणाम देखने को मिलते हैं।

1. वैश्विक प्रभाव: राजनीतिक उथल-पुथल और सैन्य सक्रियता

मंगल को आकाशीय मंत्रिमंडल में सेनापति का दर्जा प्राप्त है। राहु के स्वामित्व वाले आर्द्रा नक्षत्र में मंगल की उपस्थिति ऊर्जा में अत्यधिक तीव्रता लाती है।
• मठों और विशेष वर्गों पर प्रभाव: 'बृहत् संहिता' के अनुसार, मंगल का आर्द्रा नक्षत्र में स्थिति होना विशेष रूप से आध्यात्मिक आश्रमों/मठों में रहने वाले साधकों, तेल उद्योग से जुड़े लोगों, वस्त्र धुलाई व स्वच्छता कार्य में लगे लोगों और सीमावर्ती राज्यों के निवासियों को प्रभावित करता है।
• सत्ता संघर्ष और वैश्विक कलह: मंगल का आर्द्रा में जाना वैश्विक पटल पर राजनीतिक अस्थिरता, शासकों के मध्य कड़वाहट और सैन्य शक्ति के प्रदर्शन की स्थिति पैदा करता है। इस दौरान बड़े देशों के बीच कूटनीतिक विवाद या युद्ध जैसी स्थितियां तेज हो सकती हैं।
• अग्निकांड और तकनीकी दुर्घटनाएँ: चूंकि राहु और मंगल का यह संबंध अप्रत्याशित घटनाओं को जन्म देता है, इसलिए दुनिया भर में बड़े अग्निकांड, औद्योगिक हादसों या प्राकृतिक आपदाओं की आशंका बढ़ जाती है।

2. कृषि और प्रकृति पर प्रभाव: मौसम में उतार-चढ़ाव

मंगल एक अग्नि तत्व ग्रह है, जबकि आर्द्रा नक्षत्र का नाम ही 'नमी' या 'आँसू' से संबंधित माना जाता है और यह वर्षा चक्र का एक महत्वपूर्ण नक्षत्र है। अग्नि और जल का यह विरोधाभासी संगम अचानक अतिवृष्टि (भीषण बारिश) या किसी क्षेत्र में अचानक सूखे और अगजनी का कारण बन सकता है। ग्रामीण संपत्तियों और कृषि क्षेत्रों के लिए यह सतर्क रहने का समय होता है।

आपकी राशि पर क्या होगा प्रभाव?

मंगल वर्तमान में मिथुन राशि में गोचर कर रहे हैं। मिथुन राशि में ही आर्द्रा नक्षत्र स्थित है। आपकी जन्म राशि से मिथुन की स्थिति के अनुसार मंगल निम्नलिखित परिणाम देंगे:
मेष: साहस और पराक्रम में वृद्धि; भाइयों के साथ बातचीत में संयम रखें।
वृष: वाणी में उग्रता आ सकती है; धन संचय पर ध्यान दें और परिवार में विवाद से बचें।
मिथुन: आपमें हठ और गुस्सा बढ़ सकता है; सिर की चोट या रक्त विकार से सावधान रहें।
कर्क: व्यर्थ के मानसिक तनाव और खर्चों से बचें; नेत्र स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
सिंह: अत्यंत शुभ! भूमि, धातु या व्यापार से धन लाभ के योग बनेंगे।
कन्या: कार्यक्षेत्र में सफलता; अपनी मेहनत के दम पर बड़ा मुकाम हासिल करेंगे।
तुला: कार्य बनेंगे, परंतु पिता या वरिष्ठों से वैचारिक मतभेद संभव हैं।
वृश्चिक: वाहन सावधानी से चलाएँ; स्वास्थ्य और दुर्घटनाओं के प्रति सतर्क रहें।
धनु: दांपत्य जीवन व बिजनेस पार्टनरशिप में संयम और धैर्य बनाए रखें।
मकर: 'शत्रुहंता' योग! विरोधियों पर विजय मिलेगी और पुरानी बीमारियों से राहत मिलेगी।
कुम्भ: संतान के स्वास्थ्य की चिंता हो सकती है; निवेश के मामलों में सोच-समझकर निर्णय लें।
मीन: घरेलू सुख-शांति पर असर पड़ सकता है; माता जी की सेहत का ध्यान रखें।

ज्योतिषीय उपाय:

जब मंगल आर्द्रा जैसे उग्र नक्षत्र में भ्रमण करते हैं, तो मानसिक शांति और सुरक्षा के लिए शास्त्रों में भगवान विष्णु (जनार्दन) और भगवान शिव (रुद्र) की आराधना का निर्देश दिया गया है।
• हनुमान चालीसा का नित्य पाठ करना।
• 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' अथवा 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का जप करना मंगल के इस तीक्ष्ण गोचर के दुष्प्रभावों को शांत कर सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
• भगवान नृसिंह की आराधना और नरसिम्ह कवच का पाठ करें।
प्रस्तुति: श्री गीतांजलि ज्योतिष केंद्र, इंदौर। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!