भोपाल, 31 अगस्त 2026: शहर की साजिदा नगर में वाहन पार्किंग को लेकर शुरू हुए विवाद में बदमाशों ने 60 वर्षीय वृद्ध महिला को चाकू मार दिया। कॉलोनी में खड़ी दूसरी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। दहशत की स्थिति यह है कि, घायल महिला ने आपराधिक मामला तो दर्ज करवाया परंतु अपराधियों के नाम नहीं बताए। पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। अब देखना यह है कि क्या पुलिस, अपराधियों को गिरफ्तार भी करेगी?
Bhopal News: Elderly Woman Stabbed in Sajida Nagar, Fear Prevents Residents from Naming Attacker
पुलिस के अनुसार साजिदा नगर निवासी भूरी बाई बाथम (60) किराने की दुकान चलाती हैं। रविवार रात करीब एक बजे वह दुकान बंद करने के बाद घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान कुछ युवक दुकान के सामने वाहन खड़ा करने लगे। महिला ने उन्हें वहां गाड़ी खड़ी करने से रोका। इसी बात को लेकर बदमाशों ने विवाद शुरू कर दिया और उनमें से एक ने भूरी बाई पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गईं।
बदमाशों का गिरोह रात में खुलेआम घूमता है?
इसके बाद बदमाशों ने मोहल्ले में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया। तलवार और डंडों से करीब दर्जनभर वाहनों में तोड़फोड़ करने के बाद सभी वहां से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला से पूछताछ की। भूरी बाई ने बताया कि उनका किसी से पुराना विवाद नहीं है। हमले से कुछ देर पहले उन्होंने दुकान के सामने वाहन खड़ा करने से कुछ युवकों को मना किया।

